Students revise important topics using Class 8 SST Important Questions and Class 8 SST Part 1 Chapter 3 मराठा साम्राज्य का उदय Extra Questions before exams.
मराठा साम्राज्य का उदय Class 8 Extra Question Answer
Class 8 SST Chapter 3 Extra Question Answer in Hindi मराठा साम्राज्य का उदय
अति लघु उत्तरीय प्रश्नोत्तर
प्रश्न 1.
पेशवाओं की राजधानी कौन-सा शहर बना?
उत्तर:
पेशवाओं ने पुणे को अपना मुख्यालय बनाया।
प्रश्न 2.
धन्वंतरी महल की स्थापना किस मराठा शासक ने की?
उत्तर:
सरफोजी द्वितीय ने धन्वंतरी महल की स्थापना की, जो एक चिकित्सा केंद्र था।
प्रश्न 3.
शिवाजी महाराज ने कौन-सा ग्रंथ लिखवाया था?
उत्तर:
शिवाजी ने मराठी भाषा के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से राज्य-व्यवहार-कोष नामक ग्रंथ लिखवाया।
प्रश्न 4.
मराठा सशस्त्र सेना कितने अंगों में विभाजित थीं?
उत्तर:
मराठा सशस्त्र सेना तीन अंगों में विभाजित थीं -पैदल सेना, घुड़सवार सेना और नौसेना।
![]()
प्रश्न 5.
मोडी लिपि क्या है?
उत्तर:
मोडी लिपि देवनागरी का तिर्यक रूप है। मराठों द्वारा पत्राचार के लिए मोडी लिपि का उपयोग किया जाता था। उदाहरण के लिए चित्र 3.14 , पृष्ठ सं. 70 देखें।
लघु उत्तरीय प्रश्नोत्तर
प्रश्न 1.
17 वीं शताब्दी में तंजावुर (तमिलनाडु) में एकोजी भोंसले का क्या योगदान था?
उत्तर:
शिवाजी महाराज के सौतेले भाई, एकोजी ने 17 वीं शताब्दी में मराठा शासन की स्थापना की। उन्होंने क्षेत्र में राजनीतिक स्थिरता और संगठित प्रशासन प्रदान किया। कला, संगीत, साहित्य और धर्म को संरक्षण दिया।
प्रश्न 2.
मराठा इतिहास में ताराबाई को क्यों महत्वपूर्ण माना जाता है?
उत्तर:
ताराबाई, एक निडर मराठा योद्धा थीं जिन्होंने अपने पति राजाराम की मृत्यु के बाद 18 वीं शताब्दी के आरंभ में शासन किया। उन्होंने विशाल मराठा सेनाओं का गठन किया और उत्तर में मुगल क्षेत्रों पर आक्रमण किया। उनकी सैन्य रणनीति की समझ और दृढ़ता ने मुगल साम्राज्य को परास्त किया। वे कुशल प्रशासक और योग्य सेनानायिका थीं।
प्रश्न 3.
होलकर वंश के शासन की मुख्य विशेषताएँ क्या थीं?
उत्तर:
होलकर वंश मराठा साम्राज्य का एक प्रमुख शासक वंश था। उत्तर भारत में मराठा विस्तार में विशेष भूमिका निभाने वाले प्रमुख कुलों में एक था। होलकर राजवंश ने इंदौर को राजधानी बनाया। इन्होंने मालवा क्षेत्र में कुशल प्रशासन और मजबूत सेना स्थापित की। अहिल्याबाई होलकर के शासनकाल को न्याय, सुशासन और धार्मिक कार्यों के लिए विशेष रूप से जाना जाता है।
प्रश्न 4.
वाघ-नख हथियार क्या था और शिवाजी ने इसका उपयोग कैसे किया?
उत्तर:
वाघ-नख, एक छोटा, हाथ में पकड़ने योग्य नुकीला हथियार था, जो बाघ के पंजे के आकार का होता था। शिवाजी महाराज ने इसका उपयोग निकट युद्ध में आत्मरक्षा के लिए किया। अफज़ल खाँ को मारने के लिए उन्होंने वाघ-नख का प्रयोग किया था।
दीर्घ उत्तरीय प्रश्नोत्तर
प्रश्न 1.
मराठों ने भारत में सशक्त नौसेना शक्ति को कैसे स्थापित किया?
उत्तर:
छत्रपति शिवाजी ने व्यापार और सुरक्षा के लिए समुद्री शक्ति के महत्व को समझा। उन्होंने मराठा नौसेना का निर्माण किया ताकि पश्चिमी तट को विदेशी शक्तियों जैसे, पुर्तगाली, डच और अंग्रेजों से सुरक्षित रखा जा सके। कान्होजी आंग्रे मराठा नौसेना के सबसे सफल नेताओं में थे। उन्होंने तटीय किलों पर नियंत्रण स्थापित किया और यूरोपीय शक्तियों को कड़ी चुनौती दी। मराठा जहाज़ों ने यूरोपीय जहाज़ों से नौसैनिक व्यापार पत्र (पासपोर्ट) माँगना शुरू कर दिया; जिससे उनकी समुद्री शक्ति और बढ़ी। हालाँकि मराठा जहाज़ तकनीकी रूप से यूरोपीय जहाज़ों जैसे उन्नत नहीं थे, फिर भी कान्होजी आंग्रे के भूगोल-ज्ञान और चतुर युद्धनीति के प्रयोग से कई नौसैनिक युद्धों में विजय प्राप्त की। इसके कारण मराठा नौसेना उस समय की भारत की सबसे मजबूत नौसेना में से एक बन गई और इसकी वीरगाथाएँ आगे चलकर इतिहास का गौरवपूर्ण हिस्सा बन गई।
प्रश्न 2.
छत्रपति शिवाजी महाराज ने मराठा साम्राज्य की स्थापना में किस प्रकार विशिष्ट योगदान दिया? उनके राजनीतिक, सैन्य, सामाजिक और सांस्कृतिक योगदान को विस्तारपूर्वक स्पष्ट कीजिए।
उत्तर:
छत्रपति शिवाजी महाराज ने मराठा साम्राज्य की स्थापना में अपने नेतृत्व, रणनीति, पराक्रम और दूरदर्शिता से ऐतिहासिक योगदान दिया। उन्होंने अपने शासन, सैन्य और प्रशासनिक दृष्टिकोण से मराठा साम्राज्य की नींव रखी और आने वाली पीढ़ियों के लिए आदर्श प्रस्तुत किया।
1. स्वराज्य दृष्टिकोण और नागरिक प्रशासन-शिवाजी महाराज का स्वराज्य केवल सत्ता का प्रतीक नहीं था, अपितु राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक स्वतंत्रता का आदर्श था।
- उन्होंने किसानों, युद्ध में शहीद सैनिकों के परिवार, आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की और भ्रष्टाचार पर कड़ा नियंत्रण किया। इससे राज्य में अनुशासन को बल मिला।
- प्रशासन को संगठित और सुव्यवस्थित किया। केंद्रीकृत प्रशासन की स्थापना की। वंशानुगत पद प्रदान करना कम किया और हर एक राजकीय अधिकारी को राज्यकोष से वेतन दिया।
- शिवाजी महाराज ने प्रशासन को अष्टप्रधान मंडल मंत्रियों के माध्यम से व्यवस्थित किया।
2. मुगल साम्राज्य को कमज़ोर करना और मराठा साम्राज्य की नींव रखना
- शिवाजी महाराज ने मुगल साम्राज्य की शक्ति को सामरिक, आर्थिक, प्रशासनिक और सैन्य स्तर पर चुनौती दी। उन्होंने स्वयं को स्वतंत्र शासक घोषित कर मुगलों की वैधता और प्रभुत्व को कमज़ोर किया।
- छापामार युद्धनीति (गुरिल्ला युद्ध) अपनाकर मुगल सेना को बार-बार परास्त किया। दुर्गों और पहाड़ी क्षेत्रों के उपयोग के माध्यम से मुगल सैन्य पहुँच व आक्रमण को सीमित किया।
- मुगल के आर्थिक केंद्रों और व्यापारिक नगरों पर आक्रमण के द्वारा उनकी ताकत कम की। इन प्रयासों से मुगलों का मनोबल कमज़ोर हुआ और मराठा साम्राज्य की दीर्घकालीन आधारशिला बनी।
3. सैन्य प्रशासन, तोपखाना और दुर्ग नीति
- मराठा सेना को अनुशासित और प्रशिक्षित किया गया। सैनिकों को शारीरिक प्रशिक्षण, हथियार प्रशिक्षण और युद्धनीति सिखाई गई। तोपखाना और दुर्गों का कुशल उपयोग हुआ। दुर्गों को इस तरह व्यवस्थित किया गया कि वे एक-दूसरे की मदद कर सकें।
4. नौसेना शक्ति-शिवाजी महाराज ने स्वदेशी नौसेना का निर्माण किया और उसे सुदृढ़ किया। व्यापार और सुरक्षा के लिए उन्होंने समुद्री शक्ति के महत्व को समझा और व्यापारिक स्वतंत्रता निश्चित हुई। कान्होजी आंग्रे के नेतृत्व में मराठाओं ने मुगलों और यूरोपीय शक्तियों को कड़ा मुकाबला दिया और नौसैनिक युद्धों में विजय दिलाई।
- यूरोपीय लोग भारतीयों को नौसैनिक व्यापार-पत्र (कार्ताज) खरीदने के लिए विवश करते थे। मराठों ने इस प्रथा को चुनौती दी और स्वयं यूरोपीय लोगों से पत्र माँगना आरंभ कर दिया।
5. सांस्कृतिक पुनरुत्थान
- शिवाजी महाराज ने संस्कृत अभिलेख और ग्रंथों का संरक्षण किया। उन्होंने भारत के सांस्कृतिक विकास के लिए कई कदम उठाए। मराठी भाषा के प्रचार-प्रसार के लिए ‘राज्य-व्यवहार-कोष’ नामक ग्रंथ तैयार करवाया। मराठा कूटनीति में विदेशी शब्दों का प्रयोग मर्यादित (कम) किया, जिससे मराठी की शुद्धता और पहचान बनी रहे।
- सांस्कृतिक प्रतीक जोड़कर मराठा सिक्के जारी किए। शिवाजी ने अपने नाम से सोने और ताँबे के सिक्के ढलवाए। देवनागरी लिपि का प्रयोग भी सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक था।
- मंदिरों का पुनर्निमाण और संस्कृत एवं मराठी साहित्य, धार्मिक संस्थाओं और पारंपरिक कलाओं को प्रोत्साहित किया।
- अपने धर्म का पालन करते हुए अन्य धर्मों को भी सम्मान दिया। भगवा ध्वज को स्वराज्य, धर्म और मराठी-भारतीय संस्कृति का प्रतीक बनाया।
छत्रपति शिवाजी महाराज ने न केवल राजनीतिक स्वतंत्रता दिलाई बल्कि भारतीय संस्कृति, धर्म, शिक्षा और भाषा के संरक्षण, पुनरुत्थान व विकास में भी अतुलनीय योगदान दिया।
शिवाजी के आदर्श उनके उत्तराधिकारियों को लगातार प्रेरणा देते रहे। उनका जीवः आज भी नई पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत है।
![]()
योग्यता आधारित प्रश्नोत्तर
प्रश्न 1.
मराठा साम्राज्य की अर्थव्यवस्था में चौथ और सरदेशमुखी कर न होते, तो साम्राज्य की अर्थिक और प्रशासनिक स्थिरता पर क्या प्रभाव पड़ता?
उत्तर:
मराठा साम्राज्य में चौथ और सरदेशमुखी कर अर्थिक और प्रशासनिक शक्ति का मुख्य स्तंभ थे। इन करों से नियमित और पर्याप्त राजस्व (टैक्स) प्राप्त होता था। इनके अभाव में राज्य की आय कम हो जाती, जिससे सेना की भर्ती, संचालन, वेतन और सामरिक अभियानों के लिए धन की कमी होती। राजकीय निर्माण, विकास और प्रशासनिक कार्यों के लिए आवश्यक धन न उपलब्ध होता। इससे प्रशासनिक व्यवस्था कमज़ोर और असंगठित हो जाती। इससे राज्य की सुरक्षा और सैन्य क्षमता पर भी गंभीर प्रभाव पड़ते।
प्रश्न 2.
मराठा साम्राज्य के विस्तार के दौरान विभिन्न रियासतों के साथ गठबंधन करने के उनके तरीके को आधुनिक नेतृत्व और कूटनीति के संदर्भ में कैसे देखा जा सकता है?
उत्तर:
मराठा साम्राज्य के विस्तार के दौरान गठबंधन कुशल रणनीतिक सोच और सहयोग को दर्शाता है। मराठाओं ने हमेशा मज़बूत और कमज़ोर रियासतों का विश्लेषण किया। मराठों ने ताकत, सहयोग और सुरक्षा के आधार पर अपने साम्राज्य का विस्तार किया। उन्होंने आर्थिक, सैन्य और राजनीतिक हितों के आधार पर समझौते और संधियाँ कीं और शासन को सुदृढ़ किया।
मराठों ने मुगल शासन को कमज़ोर करने और अपनी स्वतंत्रता की रक्षा के लिए क्षेत्रीय शक्तियों के साथ संघर्ष किया। इन गठबंधनों के माध्यम से मध्य प्रदेश, गुजरात, कर्नाटक, पंजाब और बंगाल तक आधिपत्य स्थापित किया।
आज के अंतरराष्ट्रीय संबंधों में देश और संगठन सहयोग और गठबंधन, अपने हितों की रक्षा के लिए जरूरी है। आज के नेतृत्व में भी गठंबधन और उचित नेटवर्किंग शासन की सफलता के लिए आवश्यक बनती है।
कौशल आधारित प्रश्नोत्तर
प्रश्न 1.
अहिल्याबाई होलकर और उनके समकालीन शासकों जैसे पेशवा के शासन में आप कौन-सा मुख्य अंतर देखते हैं?
उत्तर:
अहिल्याबाई होलकर और पेशत्राओं के शासन में प्रमुख अंतर उनकी प्राथमिकताओं में था। पेशवा राजनीतिक शक्ति और सैन्य विस्तार पर बल देते थे। अहिल्याबाई ने सामाजिक कल्याण और प्रशासनिक कुशलता को प्राथमिकता दी। उन्होंने शिक्षा, संस्कृति, स्वास्थ्य, मंदिर निर्माण पर जोर दिया। पेशावा सामरिक शक्ति (सेना, हथियार, रक्षा प्रणाली, युद्ध) में सक्रिय थे और अहिल्याबाई का शासन जन-विकास और कल्याण का आदर्श प्रस्तुत करता है।
प्रश्न 2.
अहिल्याबाई होलकर के आदर्शों और समाज कल्याण के कार्यों को ध्यान में रखते हुए एक आधुनिक योजना तैयार करें जो आज के समाज में शिक्षा और स्वास्थ्य सुधार सके।
उत्तर:
अहिल्याबाई के आदर्शों पर आधारित आधुनिक योजना में ग्रामीण शिक्षा और स्वास्थ्य केंद्रों को प्राथकिता दी जा सकती है। योजना में मुफ्त स्कूल और उच्च शिक्षा का प्रबंध होगा और तकनीकी शिक्षा पर जोर होगा। स्वास्थ्य के लिए स्थानीय स्वास्थ्य यूनिट की संख्या बढ़ाई जाएगी ताकि नागरिकों को अपने स्वास्थ्य को बनाए रखने में तकलीफों और लंबे इंतजार का सामना ना करना पड़े। महिलाओं के लिए प्रशिक्षण शिविर और लघु उद्योग कार्यक्रम होंगे। इससे नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा। स्वच्छता और पोषण पर जागरूकता अभियान शामिल होगा।
प्रश्न 3.
निडर मराठा योद्धा रानी, ताराबाई ने कठिन समय में न केवल शासन संभाला बल्कि भुगलों को भी पराजित किया। आधुनिक महिलाएँ उनके अनुभव से किस प्रकार धैर्य, दृढ़ता और साहस सीख सकती हैं?
उत्तर:
ताराबाई ने संकट में डर को परास्त करके साहस दिखाया और कठिन व असुरक्षित परिस्थितियों में अपना कर्तव्य निभाया और मराठा स्वतंत्रता की रक्षा की। आधुनिक महिलाएँ उनके उदाहरण से सीख सकती हैं कि चुनौतियों का सामना आत्मविश्वास, दृढ़ता और संकल्प से करना चाहिए। महिलाएँ अपने कौशल और क्षमता से सशक्तिकरण प्राप्त कर सकती हैं।
केस/स्रोत पर आधारित प्रश्नोत्तर
दक्षिण में रहते हुए शिवाजी ने डच व्यापारियों के दास व्यापार को निषेध कर दिया। उस समय अधिकांश यूरोपीय व्यापारी भारतीयों को दास बनाकर बेच रहें थे तथा इस अमानवीय प्रथा का भारतीय शक्तियों की ओर से कोई विरोध नहीं किया गया था। किंतु शिवाजी के हस्तक्षेप ने इस प्रथा को चुनौती दी। दास व्यापार के विरुद्ध उनका यह पक्ष अपनी प्रजा के प्रति उनकी गहन संवेदनशीलता एवं संरक्षण-भाव का स्पष्ट प्रमाण है।
प्रश्न 1.
डच और अधिकांश यूरोपीय व्यापारी भारतीयों के साथ कैसा बर्ताव कर रहे थे?
उत्तर:
डच और यूरोपीय व्यापारी भारतीयों को दास बनाकर बेच रहे थे। वे अर्थिक लाभ के लिए लोगों को अपने अधीन कर लेते थे।
प्रश्न 2.
शिवाजी महाराज द्वारा दास व्यापार को रोकने के कदम को उनके किस गुण के रूप में देखा जा सकता है?
उत्तर:
इससे शिवाजी महाराज के नैतिक नेतृत्व, प्रजा-केंद्रित शासन और सामाजिक न्याय की प्रतिबद्धता के गुण स्पष्ट होते हैं।
![]()
प्रश्न 3.
शिवाजी महाराज प्रजा की भलाई के प्रति कितने सजग थे?
उत्तर:
शिवाजी महाराज प्रजा के कल्याण और सुरक्षा के प्रति अत्यंत सजगता रखते थे। वे किसी भी अमानवीय प्रथा को स्वीकार नहीं करते थे।
प्रश्न 4.
अन्य भारतीय शासकों द्वारा दास प्रथा का विरोध क्यों नहीं किया अया?
उत्तर:
अन्य भारतीय श़ारक दास प्रथा का विरोध इसलिए नहीं कर रहे धे न्यांकि-
- वे यूरोपीय शक्तियों को चुनौती देने की स्थिति में नहीं थे।
- उन्हें यूरोपीय व्यापारियों के साथ व्यापार से अर्थिक लाभ हो रहा था।
- वे प्रजा के अधिकारों और मानवीय मूल्यों के प्रति संवदेनशील नहीं थे। उन्होंने इस सामाजिक समस्या को अनदेखा किया।
प्रश्न 5.
दास प्रथा के विरुद्ध खड़े होने से क्या सिद्ध होता है कि शिवाजी का शासन केवल शक्ति और विजय पर आधारित नहीं था?
उत्तर:
हाँ, शिवाजी का शासन सामाजिक न्याय, प्रजा की सुरक्षा और नैतिकता पर आधारित था।
प्रश्न 6.
क्या शिवाजी का यह कदम आधुनिक मानवाधिकारों के सिद्धांतों के अनुरूप था?
उत्तर:
जी हाँ, शिवाजी ने मानवता, स्वतंत्रता और लोगों की गरिमा की रक्षा की।
चित्र आधारित प्रश्नोत्तर

प्रश्न 1.
यह दृश्य किस समय और किस युद्ध के बाद का है?
उत्तर:
चित्र का दृश्य प्रथम आंग्ल-मराठा युद्ध के बाद का है।
प्रश्न 2.
भित्ति चित्र में अंग्रेज अधिकारी का आत्मसमर्पण क्या दर्शाता है?
उत्तर:
अंग्रेज अधिकारी का आत्मसमर्पण मराठा साम्राज्य की शक्ति और सम्मान को दर्शाता है।
प्रश्न 3.
यह दृश्य अंग्रेज और मराठा संबंधों पर किस प्रकार का ऐतिहासिक प्रभाव डालता है?
उत्तर:
अंग्रेज अधिकारी का आत्मसमर्पण संकेत देता है कि उस समय मराठा साम्राज्य अंग्रेजों के मुकाबले मज़बूत था। ब्रिटिश शासन को भारत में विस्तार करने के लिए मराठा वीरों ने कठिनाइयाँ उत्पन्न की और अपनी स्वतंत्रता को बनाए रखने के लिए संघर्ष किया।
प्रश्न 4.
इस चित्र में कौन-से दो मराठा शासकों को बैठे दिखाया गया है?
उत्तर:
नाना फड़णवीस और महादजी शिंदे।
![]()
प्रश्न 5.
चित्र से क्या संदेश मिलता है?
उत्तर:
- मराठा साम्राज्य की वीरता और नेतृत्व क्षमता।
- अंग्रेजों के प्रभाव को रोकने का प्रयास।
- मराठा समाज का गौरवशाली इतिहास और विरासत के प्रति सम्मान का संदेश देता है।
मराठा साम्राज्य का उदय Class 8 MCQ
बहुवैकल्पिक प्रश्नोत्तर
प्रश्न 1.
रामचंद्रपंत अमात्य ने आज्ञापत्र (1715) में विदेशी व्यापारियों को अन्य व्यापारियों से अलग क्यों बताया?
(i) क्योंकि वे अधिक कर देते थे।
(ii) उनका उद्देश्य सिर्फ व्यापार था।
(iii) उनका मुख्य उद्देश्य भारत में प्रवेश, क्षेत्र विस्तार और धर्म प्रचार था।
(iv) क्योंकि वे स्थानीय लोगों से मित्रता करते थे।
उत्तर:
(iii) उनका मुख्य उद्देश्य भारत में प्रवेश, क्षेत्र विस्तार और धर्म प्रचार था।
प्रश्न 2.
रामचंद्रपंत अमात्य का आज्ञापत्र किस वर्ष में लिखा गया था?
(i) 1707
(ii) 1715
(iii) 1720
(iv) 1710
उत्तर:
(ii) 1715
प्रश्न 3.
मराठी भाषा का सतत् प्रभाव और समृद्ध स्महित्यिक इतिहास किस शताब्दी से माना जाता है?
(i) 13 वीं शताब्दी
(ii) 11 वीं शताब्दी
(iii) 12 वीं शताब्दी
(iv) 10 वीं शताब्दी
उत्तर:
(iii) 12 वीं शताब्दी
प्रश्न 4.
मराठा शक्ति ने भारत के इतिहास पर क्या प्रभाव डाला?
(i) क्षेत्रीय प्रभाव
(ii) साहित्य को प्रभावित किया
(iii) विशेष प्रभाव नहीं
(iv) भारत के इतिहास की दिशा को निर्णायक रूप से परिवर्तित किया।
उत्तर:
(iv) भारत के इतिहास की दिशा को निर्णायक रूप से परिवर्तित किया।
प्रश्न 5.
सातवीं से सत्रहवीं शताब्दी के मध्य भारतीय संतों ने आध्यात्मिक उत्थान के लिए किस मार्ग को महत्व प्रदान किया?
(i) कर्म मार्ग
(ii) भक्ति मार्ग
(iii) राजनीतिक मार्ग
(iv) कोई नहीं
उत्तर:
(ii) भक्ति मार्ग
![]()
प्रश्न 6.
संत ज्ञानेश्वर, नामदेव, तुकाराम और रामदास ने उपनिषद् और भगवद्गीता का अनुवाद किस भाषा में किया?
(i) संस्कृत
(ii) प्राकृत
(iii) हिंदी
(iv) मराठी
उत्तर:
(iv) मराठी
प्रश्न 7.
17 वीं शताब्दी तक मराठा सरदारों के स्वराज्य की स्थापना के प्रयास क्यों सफल नहीं हो पाए?
(i) आर्थिक संसाधनों की कमी
(ii) संगठित नेतृत्व की कमी
(iii) जनता का समर्थन नहीं था
(iv) सैन्य शक्ति की कमी।
उत्तर:
(ii) संगठित नेतृत्व की कमी
प्रश्न 8.
छत्रपति शिवाजी महाराज की राजधानी कौन-सा दुर्ग था और उनका राज्याभिषेक कहाँ हुआ था?
(i) जिंजी
(ii) प्रतापगढ़
(iii) सिंधुगढ़
(iv) रायगढ़
उत्तर:
(iv) रायगढ़
प्रश्न 9.
किस मराठा शासक ने छापाखाना (प्रिटिंग प्रेस) शुरू किया और आधुनिक चिकित्सा का समर्थन किया?
(i) महादजी शिंदे
(ii) सरफोजी
(iii) बाजीराव
(iv) एकोजी
उत्तर:
(ii) सरफोजी
प्रश्न 10.
मुगलों ने जगन्नाथपुरी की रथ यात्रा में किस प्रकार बाधा डाली?
(i) मंदिर का मार्ग बंद किया
(ii) यात्रा पर कर और सैन्य हस्तक्षेप द्वारा
(iii) नया मंदिर बनाकर
(iv) पूजा में भाग लेने की मनाही
उत्तर:
(ii) यात्रा पर कर और सैन्य हस्तक्षेप द्वारा
रिक्त स्थानों की पूर्ति कीजिए-
1. _______ में शिवाजी का जन्म भोंसले कुल में शाहजी और जीजाबाई के यहाँ हुआ था।
उत्तर: 1630
2. शिवाजी ने प्रथम सैन्य अभियान _______ की आयु में आरंभ किया।
उत्तर: 16 वर्ष
3. शिवाजी द्वारा _______ की स्थापना क्रांतिकारी कदम था।
उत्तर: नौसेना
4. _______ रणनीति में छोटे-छोटे दल किसी भू-भाग के ज्ञान के आधार पर तीव्र गति से आकस्मिक हमला कर शत्रुओं को परास्त कर देते हैं।
उत्तर: गुरिल्ला
5. शिवाजी ने अफ़ज़ल खाँ को मारने वे लिए _______ अस्त्र का प्रयोग किया था।
उत्तर: वाघ-नख
6. मुगल सरदार _______ शिवाजी के हमले में अपनी अंगुलियाँ गँवा बैठा और तुरंत महाराष्ट्र छोड़कर चला गया।
उत्तर: शाइस्ता खाँ
![]()
7. शिवाजी की वीरता और युद्ध नीति से जुड़ी घटनाएँ अंग्रेजी समाचार पत्र _______ में छपी।
उत्तर: लंदन गजट
8. शिवाजी महाराज ने नवीन संवत् प्रणाली _______ का आरंभ किया।
उत्तर: राज्याभिषेक शक्
9. शिवाजी महाराज की दक्षिण दिशा की विजय यात्रा को _______ भी कहा जाता है।
उत्तर: दक्षिण-दिग्विजय
10. दक्षिण में रहते हुए शिवाजी ने _______ को निषेध कर दिया।
उत्तर: दास व्यापार
सही (✓) या गलत (×) का चिह्न लगाइए-
1. सुप्रसिद्ध हिंदी कवि भूषण शिवाजी से मिलने के लिए महाराष्ट्र गए थे। [ ]
उत्तर:
सही
स्पष्टीकरण-हिंदी कवि भूषण, छत्रपति शिवाजी महाराज के शौर्य, पराक्रम और हिंदुत्व के रक्षक रूप से काफी प्रभावित थे। भूषण ने शिवाजी को मृगराज (शेर) के समान वर्णित किया।
2. औरंगजेब ने संभाजी को बंदी बनाकर उन्हें क्रूर और असहनीय यातनाएँ दीं। [ ]
उत्तर:
सही
स्पष्टीकरण-औरंगजेब ने 1689 में छत्रपति संभाजी को धोखे से बंदी बनाया था। संभाजी ने औरंगजेब की शर्ते मानने से इनकार कर दिया. जिसके कारण उन्हें अमानवीय यातनाएँ दी गई।
3. मराठों ने अपने दुर्गों की मज़बूती से रक्षा की और अनेक युद्धों और संघर्षों में मुगलों पर भारी पड़े। [ ]
उत्तर:
सही
स्पष्टीकरण-मराठा अपनी युद्ध नीति, दुर्गम भू-भाग और दुर्गों की अभेद मजबूती के कारण मुगलों पर भारी पड़े।
4. औरंगजेब दक्कन से निकलने में असमर्थ रहा और मराठों को परास्त किए बिना ही मर गया। [ ]
उत्तर:
सही
स्पष्टीकरण-25 साल तक चले मराठा के साथ युद्धों ने मुगल खजाना और सेना दोनों को खत्म कर दिया। औरंगजेब निराशा से मराठा विजय के बिना ही अहमदनगर में मर गया।
![]()
5. पेशवा बाजीराव प्रथम और उनके पुत्र नानासाहेब पेशवा ने मराठों के अखिल भारतीय विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका नहीं निभाई। [ ]
उत्तर:
गलत
स्पष्टीकरण-पेशवा बाजीराव प्रथम और उनके पुत्र नानासाहेब पेशवा ने मराठा साम्राज्य के अखिल भारतीय विस्तार का प्रयास किया। बाजीराव प्रथम के नेतृत्व में मराठा सत्ता दिल्ली तक पहुँची।
6. मराठों ने लाहौर, अटक और पेशावर (वर्तमान पाकिस्तान) पर अधिकार स्थापित कर लिया था। [ ]
उत्तर:
सही
स्पष्टीकरण-मराठों ने 1758 में लाहौर, अटक और पेशावर पर अधिकार स्थापित कर लिया था। तैमूर शाह को हराकर सिखों की मदद से मराठा ध्वज फहराया गया।
7. महादजी शिंदे के नेतृत्व में मराठों ने 1771 में दिल्ली पर पुनः अधिकार किया। [ ]
उत्तर:
सही
स्पष्टीकरण-यह विजय पानीपत के तीसरे युद्ध में मिली हार के बाद उत्तर भारत में मराठा वर्चस्व की वापसी थी।
8. 1775 से 1818 तक तीन आंग्ल-मराठा युद्ध हुए। [ ]
उत्तर:
सही
स्पष्टीकरण-1775-1818 के बीच ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी और मराठा साम्राज्य के बीच तीन युद्ध हुए इसका परिणाम मराठा शक्ति का पतन और अंग्रेजों के शासन की स्थापना रही।
9. अंग्रेजों ने भारत को मुगलों तथा किसी अन्य शक्ति की तुलना में मराठों से अधिक प्राप्त किया। [ ]
उत्तर:
सही
स्पष्टीकरण-अंग्रेजों ने भारत में अपना साम्राज्य मुख्य रूप से मुगलों की बजाए मराठा साम्राज्य को हराकर और उनके क्षेत्रों पर अधिकार करके स्थापित किया। उन्हें मराठों के साथ चुनौतीपूर्ण तीन युद्ध लड़ने पड़े।
10. शक्तिशाली मराठा अधिकारी नाना फड़णवीस ने पहला अखिल भारतीय ब्रिटिश-विरोधी गठबंधन बनाने का प्रयास नहीं किया। [ ]
उत्तर:
गलत
स्पष्टीकरण-नाना फड़णवीस का उद्देश्य मराठा शक्ति को बनाए रखना था और अंग्रेजों के प्रभाव को रोकना था। इस गठबंधन ने अंग्रेजों को 1782 की सालाबाई संधि करने के लिए मज़बूर किया।
सारणी A और सारणी B के साथ सही मिलान कीजिए-
| सारणी A | सारणी B |
| 1. अमात्य | (i) न्याय और कानून व्यवस्था का पालन |
| 2. सचिव | (ii) राज्य के राजनीतिक और कानूनी मामले |
| 3. मंत्री | (iii) धार्मिक और शिक्षा संबंधी मामले |
| 4. सेनापति | (iv) विदेश और राज्य के संबंध/नीतियाँ |
| 5. सुमंत | (v) सेना का नेतृत्व और युद्ध योजना |
| 6. न्यायाधीश | (vi) राज्य के आर्थिक मामलों और खजाने की देखभाल और सुरक्षा/कराधान। |
| 7. पंडितराव | (vii) शासन व अर्थव्यवस्था की देखभाल व नीतिगत मामलों में सलाह देना। |
| 8. प्रधान | (viii) राजकीय पत्राचार, सरकारी आदेशों को तैयार करना। शाही मोहर लगाना। |
विकल्प:
(क) 1-(vi), 2-(viii), 3-(ii), 4-(v), 5-(iv), 6-(i), 7-(iii), 8-(vii)
(ख) 1-(i),2-(viii),3-(ii),4-(vi),5-(iii),6-(vii), 7-(v), 8-(iv)
(ग) 1-(viii), 2-(ii), 3-(iv), 4-(iii), 5-(vi), 6-(v), 7-(i), 8-(vii)
(घ) 1-(ii), 2-(iii), 3-(i), 4-(iv), 5-(v), 6-(vii), 7- (viii), 8-(vi)
उत्तर:
(क)
| सारणी A | सारणी B |
| 1. अमात्य | (vi) राज्य के आर्थिक मामलों और खजाने की देखभाल और सुरक्षा/कराधान। |
| 2. सचिव | (viii) राजकीय पत्राचार, सरकारी आदेशों को तैयार करना। शाही मोहर लगाना। |
| 3. मंत्री | (ii) राज्य के राजनीतिक और कानूनी मामले |
| 4. सेनापति | (v) सेना का नेतृत्व और युद्ध योजना |
| 5. सुमंत | (iv) विदेश और राज्य के संबंध/नीतियाँ |
| 6. न्यायाधीश | (i) न्याय और कानून व्यवस्था का पालन |
| 7. पंडितराव | (iii) धार्मिक और शिक्षा संबंधी मामले |
| 8. प्रधान | (vii) शासन व अर्थव्यवस्था की देखभाल व नीतिगत मामलों में सलाह देना। |
अभिकथन और कारण से संबंधित प्रश्नोत्तर
निम्नलिखित अभिकथन (A) और कारण (R) को पढ़कर सही विकल्प चुनकर लिखिए-
प्रश्न 1.
अभिकथन (A): शिवाजी ने अष्टप्रधान मंडल की स्थापना की।
कारण (R): यह योद्धाओं का समूह था, जो गुरिल्ला युद्ध में प्रशिक्षित थे।
विकल्प:
(i) अभिकथन (A) और कारण (R) दोनों सही हैं और कारण (R) अभिकथन (A) का सही स्पष्टीकरण है।
(ii) अभिकथन (A) और कारण (R) दोनों सही हैं, लेकिन कारण (R) अभिकथन (A) का सही स्पष्टीकरण नहीं है।
(iii) अभिकथन (A) सही है लेकिन कारण (R) गलत है।
(iv) अभिकथन (A) गलत है लेकिन कारण (R) सही है।
उत्तर:
(iii) अभिकथन (A) सही है लेकिन कारण (R) गलत है।
स्पष्टीकरण-आठ मंत्रियों की परिषद में हर सदस्य की एक खास भूमिका थी। अष्टप्रधान मंडल ने सशक्त प्रशासनिक प्रणाली बनाने, सभी के साथ समान व्यवहार और साम्राज्य को कुशलता से चलाने में मद्द की।
प्रश्न 2.
अभिकथन (A): मराठों ने कई दुर्ग पहाड़ियों पर बनवाए।
कारण (R): यह मराठा वास्तुकला के अद्वितीय उदाहरण को दर्शाने के लिए किया गया था।
विकल्प:
(i) अभिकथन (A) सही है लेकिन कारण (R) गलत है।
(ii) अभिकथन (A) गलत है लंकिन कारण (R) सही है।
(iii) अभिकथन (A) और कारण (R) दांनों सही हैं लेकिन कारण (R). अभिकथन (A) का सही स्पष्टीकरण नहीं है।
(iv) अभिकथन (A) और कारण (R) दोनों सही हैं और कारण (R), अभिकथन (A) का सही स्पष्टीकरण है।
उत्तर:
(i) अभिकथन (A) सही है लेकिन कारण (R) गलत है।
स्पष्टीकरण-मराठों ने बाहरी हमलों से अपने क्षेत्र की रक्षा के लिए दुर्ग बनवाए। दुश्मनों पर नज़र रखना, अपनी युद्ध रणनीति की योजना बनाने और गुप्त हमले करने में दुर्ग सहायक सिद्ध हुए। दुर्ग मराठों के सुरक्षा कवच थे।
![]()
प्रश्न 3.
अभिकथन (A): छत्रपति शिवाजी ने युद्ध में शहीद हुए सैनिकों की विधवाओं को पेंशन दी और उनके पुत्रों को सैन्य पद प्रदान किए।
कारण (R): शिवाजी महाराज सैनिकों और उनके परिवारों के प्रति संवेदनशील और उत्तरदायित्व का परिचय देते थे।
विकल्पः
(i) अभिकथन (A) और कारण (R) दोनों सही हैं और कारण (R) अभिकथन (A) को सही तरीके से स्पष्ट करता है।
(ii) अभिकथन (A) और कारण (R) दोनों सही हैं, लेकिन कारण (R) अभिकथन (A) को स्पष्ट नहीं करता है।
(iii) अभिकथन (A) सही है लेकिन कारण (R) गलत है।
(iv) अभिकथन (A) गलत है लेकिन कारण (R) सही है।
उत्तर:
(i) अभिकथन (A) और कारण (R) दोनों सही हैं और कारण (R) अभिकथन (A) को सही तरीके सं स्पष्ट करता है।
स्पष्टीकरण-शिवाजी ने शहीद सैनिकों की विधवाओं को पेंशन दी और पुत्रों को पद प्रदान किए। यह उनके जनकल्याण, संवेदनशील और उत्तरदायी स्वभाव का प्रमाण है।
चित्र आधारित प्रश्नोत्तर
प्रश्न:
दिए गए चित्र 3.11 , पृष्ठ 67 को देखकर, प्रश्नों के उत्तर दें-
प्रश्न 1.
इस डाक टिकट में किस महान महारानी का चित्र अंकित है?
उत्तर:
अहिल्याबाई होलकर।
प्रश्न 2.
यह डाक टिकट भारत में किस वर्ष जारी किया गया था?
उत्तर:
25 अगस्त 1996
प्रश्न 3.
डाक टिकट किस उद्देश्य से जारी किया गया?
उत्तर:
यह स्मृति में जारी किया गया डाक टिकट है। होलकर वंश की महारानी अहिल्याबाई के अद्भुत व्यक्तित्व और योगदान को सम्मान देना और आने वाली पीढ़ियों में उनके बारे में जागरूकता फैलाना है। यह डाक टिकट भारत की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को उजागर करने का माध्यम बनी।
मानचित्र आधारित प्रश्नोत्तर
भारत के राजनीतिक मानचित्र पर मराठा काल के प्रमुख किलों को दर्शाइए।

प्रश्न-
दिए गए भारत के राजनीतिक मानचित्र पर मराठा साम्राज्य के प्रमुख दुर्ग (किले) चिह्नित करें-
- रायगढ़
- प्रतापगढ़
- सिंहगढ़
- शिवनेरी
- लोहगढ़
- सिंधु दुर्ग
- तोरणा (प्रचंडगढ़)
- जिंजी किला
उत्तर:
- रायगढ़ दुर्ग-महाराष्ट्र, मलाड के पास (मुंबई के दक्षिण-पश्चिम)।
- प्रतापगढ़-महाराष्ट्र, महाबलेश्वर के पास (पश्चिमी महाराष्ट्र)।
- सिहगढ़-महाराष्ट्र, पुणे के पास।
- शिवनेरी दुर्ग-महाराष्ट्र (पुणे के उत्तर में)।
- लोहगढ़-महाराष्टू, (मुंबई और पुणे के बीच)।
- सिंधु दुर्ग-महाराष्ट्र के दक्षिण-पश्चिम में तटीय पट्टी। (यह कोंकण में तटीय बेल्ट का हिस्सा है)
- तोरणा (प्रचंडगढ़)-महाराष्ट्र (पुणे)।
- जिंजी किला-तमिलनाडु के उत्तरी भाग में।
मराठा साम्राज्य का उदय Class 8 Extra Questions for Practice
बहुविकल्पीय प्रश्न
प्रश्न 1.
सह्याद्रि पर्वतमाला में मराठाओं की रक्षा के लिए कौन-से दो किले महत्तपूर्ण थे?
(i) शिवनेरी और रायगढ़
(ii) सिंहगढ़ और प्रतापगढ़
(iii) ग्वालियर और इंदौर
(iv) विजयदुर्ग और जिंजी
प्रश्न 2.
पेशवाओं की राजधानी कौन-सा शहर बनी?
(i) पुणे
(ii) अहमदनगर
(iii) इंदौर
(iv) नासिक
![]()
प्रश्न 3.
शिवनेरी किले का क्या महत्व है?
(i) मराठा नौसेना मुख्यालय
(ii) पेशवा राजधानी
(iii) कला
(iv) छत्रपति शिवाजी महाराज का जन्मस्थान
प्रश्न 4.
मराठा साम्राज्य में ‘चौथ’ किसे कहा जाता था?
(i) कुल आय का 1 / 4 कर
(ii) किसानों की फसल
(iii) समुद्री व्यापार कर
(iv) सैन्य खर्च
प्रश्न 5.
मराठा शासन से आम जनता को क्या लाभ प्राप्त हुआ?
(i) अत्याचारी शासन और विदेशी आक्रमण से सुरक्षा
(ii) जीवन स्तर में सुधार
(iii) न्याय और आर्थिक स्थिरता
(iv) उपरोक्त सभी
रिक्त स्थानों की पूर्ति करें-
1. अंग्रेजों ने भारत को मुग़लों एवं किसी अन्य शक्ति की तुलना में _________ से अधिक प्राप्त किया।
2. संभाजी के पश्चात राजाराम छत्रपति बने और शीघ्र ही तमिलनाडु स्थित _________की ओर प्रस्थान कर गए।
3. औरंगजेब _______ से निकलने में असमर्थ रहा और मराठों को परास्त किए बिना ही मर गया।
4. _______ में शिवाजी के बेड़े के चार पोत ओमान की राजधानी मस्कट पहुँचे।
5. शिवाजी ने अपने राज्य के लिए _______ प्रशासन की स्थापना की।
सही (✓) और गलत (×) का चिह्न लगाइए-
1. शिवाजी ने युद्ध में शहीद हुए सैनिकों की विधवाओं को पेंशन दी। [ ]
2. शिवाजी महाराज ने अपने अधिकारियों को कठोर निर्देश दिए थे कि वे प्रजा के साथ दुर्व्यवहार न करें। [ ]
3. मराठा सशस्त्र सेना तीन अंगों में विभाजित नहीं थी। [ ]
4. मराठे प्रातों से चौथ (25 %) और सरदेशमुखी (चौथ के अतिरिक्त 10 %) कर लेते थे। [ ]
5. शिवाजी के वित्तमंत्री रामचंद्रपंत अमात्य ने आज्ञापत्र कृति की रचना की। [ ]
कॉलम-A में दिए गए शब्दों को कॉलम-B में दिए गए अर्थों से मिलान कीजिए-
| कॉलम-A | कॉलम-B |
| 1. शिवाजी | (i) पश्चिमी तट की सुरक्षा के लिए नौसेना बनाई। |
| 2. कान्होजी आंग्रे | (ii) इसमें बारगीर और शिलेदार शामिल थे। |
| 3. घुड़सवार | (iii) भूगोल और रणनीति का उपयोग कर सफल समुद्री युद्ध लड़े। |
| 4. मराठा शस्त्र बल | (iv) मराठा हितों की रक्षा/तट नीति |
| 5. नौसेना | (v) सेना को पैदल सेना, घुड़सवार और नौसेना में विभाजित किया। |
![]()
अभिकथन और कारण संबंधी प्रश्न
निम्नलिखित अभिकथन (A) और कारण (R) को ध्यानपूर्वक पढ़ें और सही विकल्प चुनें-
प्रश्न 1.
अभिकथन (A): मराठों ने उन प्रांतों से जो उनके सीधे नियंत्रण में नहीं थे, चौथ और सरदेशमुखी कर लिए।
कारण (R): इसके बदले में मराठा शासकों ने इन प्रांतों की रक्षा की और उनके आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं करते थे।
विकल्प:
(i) अभिकथन (A) सत्य है और कारण (R) सही है।
(ii) अभिकथन (A) सत्य है और कारण (R) सही नहीं है।
(iii) अभिकथन (A) और कारण (R) दोनों असत्य हैं।
(iv) अभिकथन (A) और कारण (R) में मेल नहीं है।
प्रश्न 2.
अभिकथन (A): छत्रपति शिवाजी महाराज ने शासकीय और कूटनीतिक कार्यों में मराठी भाषा के उपयोग को बढ़ावा दिया।
कारण (R): उन्होंने ‘राज्य-व्यवहार-कोष’ का निर्माण करवाया, जिसमें फारसी शब्दों के लिए संस्कृत आधारित शब्द प्रदान किए गए थे।
विकल्प:
(i) अभिकथन (A) और कारण
(R) दोनों सही हैं और कारण (R), अभिकथन (A) का सही कारण है।
(ii) अभिकथन (A) और कारण (R) सत्य नहीं है।
(iii) अभिकथन (A) सही है और कारण (R) गलत है।
(iv) अभिकथन (A) और कारण (R) दोनों सही हैं किंतु अभिकथन (A), कारण (R) का कारण नहीं है।
अति लघु उत्तरीय प्रश्न
1. शिवाजी ने किस प्रकार का शासन किया?
2. शिवाजी ने किस साम्राज्य को चुनौती दी?
3. मराठों की न्याय व्यवस्था में कौन-से दंड का संयमित प्रयोग किया जाता था?
4. पुणे और इंदौर के नगरों में कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए किसकी तैनाती की गई थी?
5. किसके नेतृत्व में मराठों ने 1771 में दिल्ली पर फिर से अधिकार किया?
लघु उत्तरीय प्रश्न
1. छत्रपति शिवाजी ने हिंदू परंपराओं को पुनर्जीवित करने के लिए क्या प्रयास किए?
2. दुर्ग मराठा राज्य की आधारशिला किस प्रकार की थी?
3. शिवाजी महाराज के जीवन से आपको क्या प्रेरणा मिलती है?
4. मराठों के संरक्षण में तंजावुर शैली की पारंपरिक चित्रकला को विकास और समृद्धि का मार्ग कैसे मिला?
![]()
दीर्घ उत्तरीय प्रश्न
1. भारत को अंग्रेजों ने मुगलों या किसी अन्य भारतीय शक्ति के मुकाबले मराठों से अधिक प्राप्त किया। उदाहरण सहित स्पष्ट कीजिए।
2. शिवाजी के काल में व्यापारिक तंत्र किस प्रकार का था?
3. स्वराज्य की अवधारणा क्या थी? शिवाजी ने इसे मराठा साम्राज्य के विकास में कैसे लागू किया? विस्तार से लिखिए।
4. धार्मिक सहिष्णुता और जन-कल्याणकारी नीतियों के कारण शिवाजी महाराज एक लोकप्रिय शासक कैसे बने? चर्चा कीजिए।