Well-organized Geography Class 12 Notes in Hindi and Class 12 Geography Chapter 8 Notes in Hindi निर्माण उद्योग can aid in exam preparation and quick revision.
Geography Class 12 Chapter 8 Notes in Hindi निर्माण उद्योग
मानव अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए विविध प्रकार की वस्तुओं, जैसे-कृषि उत्पाद, कपड़े, पुस्तक, पंखे, कार, मशीनें, दवाइयाँ आदि का उपयोग करता है, जिनका निर्माण विभिन्न प्रकार के उद्योगों में होता है।
→ उद्योगों के प्रकार:
उद्योगों को विविध प्रकारों के आधार पर वर्गीकृत किया जाता है, जैसे –
I. आकार, पूँजी निवेश और श्रम शक्ति के आधार पर उद्योगों को वृहत्, मध्यम, लघु और कुटीर उद्योग में वर्गीकृत करते हैं।
II. स्वामित्व के आधार पर उद्योग सार्वजनिक, व्यक्तिगत और सहकारी (मिश्रित) प्रकार के होते हैं।
III. उत्पादों के उपयोग के आधार पर उद्योग चार प्रकार के होते हैं –
- मूल पदार्थ उद्योग
- पूँजीगत पदार्थ उद्योग
- मध्यवर्ती पदार्थ उद्योग
- उपभोक्ता पदार्थ उद्योग।
IV. कच्चे माल के आधार पर भी उद्योग चार प्रकार के होते हैं –
- कृषि आधारित उद्योग,
- वन आधारित उद्योग,
- खनिज आधारित उद्योग,
- उद्योगों द्वारा निर्मित कच्चे माल पर आधारित उद्योग।
V. निर्मित उत्पादों की प्रकृति के आधार पर उद्योग आठ प्रकार के होते हैं –
- धातुकर्म उद्योग,
- यान्त्रिक इंजीनियरी उद्योग
- रासायनिक और सम्बद्ध उद्योग
- वस्त्र उद्योग
- खाद्य संसाधन उद्योग
- विद्युत उत्पादन उद्योग
- इलेक्ट्रॉनिक उद्योग
- संचार उद्योग।
→ उद्योगों की स्थिति उद्योगों की स्थिति कई कारकों, जैसे:
कच्चे माल की उपलब्धता, शक्ति (ऊर्जा), बाजार, पूँजी, यातायात, श्रम, ऐतिहासिक कारक आदि के द्वारा प्रभावित होती है। इन कारकों का सापेक्षिक महत्त्व समय और स्थान के अनुसार बदलता रहता है। विशेषतः निर्माण उद्योग को उस स्थान पर स्थापित करना चाहिए, जहाँ उत्पादन मूल्य और निर्मित वस्तुओं को उपभोक्ताओं तक वितरण करने का मूल्य न्यूनतम आये।
→ औद्योगिक नीति:
चूंकि भारत एक प्रजातान्त्रिक देश है, अतः भारत का मुख्य उद्देश्य सन्तुलित प्रादेशिक विकास के साथ-साथ आर्थिक समृद्धि को भी बढ़ाना है। इसी कारण भिलाई और राउरकेला में लौह-इस्पात उद्योग की स्थापना देश के पिछड़े जनजातीय क्षेत्रों के विकास को ध्यान में रखकर की गयी थी।
→ मुख्य उद्योग:
इसके अन्तर्गत पुरातन सूती वस्त्र उद्योग, लौह इस्पात उद्योग और चीनी उद्योग के साथ आधुनिक उद्योग जैसे पेट्रोलियम रासायनिक उद्योग और अवगम प्रौद्योगिकी उद्योग ( IT Industry) को शामिल किया जाता है। देश के मुख्य उद्योग निम्न प्रकार से हैं –
I. लौह-इस्पात उद्योग:
किसी भी देश के औद्योगिक विकास के लिए लौह-इस्पात उद्योग एक मूल आधार होता है। लौह इस्पात उद्योग के लिए लौह-अयस्क और कोककारी कोयला के अतिरिक्त चूना पत्थर, डोलोमाइट, मँगनीज और अग्नि सहन कर सकने वाली मृत्तिका आदि कच्चे माल की आवश्यकता होती है। ये सभी कच्चे माल मुख्यतः भार हास वाले होते हैं, इस कारण लौह-इस्पात उद्योग कच्चे माल के स्रोतों के निकट ही लगाये जाते हैं। लौह-इस्पात उद्योग के अन्तर्गत द्वितीयक उत्पादक, ढलाई मिलें और आनुषंगिक उद्योग भी आते हैं।
इस उद्योग के एकीकृत इस्पात कारखाने निम्न प्रकार से हैं –
- टाटा लौह – इस्पात कम्पनी (TISCO ) – यह मुम्बई-कोलकाता रेलवे मार्ग के समीप स्थित है और यहाँ निर्मित इस्पात का निर्यात कोलकाता बन्दरगाह से किया जाता है।
- भारतीय लोहा और इस्पात कम्पनी (IISCO) – इसका पहला कारखाना हीरापुर, दूसरा कुल्टी और तीसरा बर्नपुर में स्थापित किया गया था, जिन पर वर्तमान में ‘इण्डियन आयरन स्टील कम्पनी’ का अधिकार है।
- विश्वेश्वरैया आयरन एण्ड स्टील वर्क्स (VISW) – यह बाबा बूदन की पहाड़ियों के केयान गुंडी के लौह अयस्क क्षेत्रों के निकट स्थित है। इस कारखाने का प्राचीन नाम ‘मैसूर लोहा और इस्पात वर्क्स’ था।
- राउरकेला इस्पात संयन्त्र – द्वितीय पंचवर्षीय योजना में इस संयन्त्र को जर्मनी के सहयोग से 1959 में उड़ीसा के सुन्दरगढ़ जिले में स्थापित किया गया था। इसे निकटवर्ती झरिया (झारखण्ड) कोयला क्षेत्र और सुन्दरगढ़ एवं केंदुझर लौह-अयस्क क्षेत्रों से कच्चे माल की सुलभ उपलब्धता के आधार पर स्थापित किया गया था।
- भिलाई इस्पात संयन्त्र – यह संयन्त्र कोलकाता – मुम्बई रेलमार्ग पर स्थित है। इस संयन्त्र की स्थापना भी | द्वितीय पंचवर्षीय योजना के समय रूस के सहयोग से छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में की गई थी। यहाँ उत्पादित इस्पात के अधिकांश भाग का उपयोग विशाखापट्टनम स्थित ‘हिन्दुस्तान शिपयार्ड’ में किया जाता है।
- दुर्गापुर इस्पात संयन्त्र – कोलकाता – दिल्ली रेलवे मार्ग पर स्थित इस संयन्त्र की स्थापना यूनाइटेड किंगडम के सहयोग से पश्चिम बंगाल में की गयी थी। द्वितीय पंचवर्षीय योजना में स्थापित इस संयन्त्र को कोयला रानीगंज व झरिया से तथा लौह अयस्क नोआमंडी से प्राप्त होता है।
- बोकारो इस्पात संयन्त्र इस – संयन्त्र की स्थापना परिवहन लागत न्यूनीकरण सिद्धान्त के आधार पर, रूस के सहयोग से 1964 में झारखण्ड के बोकारो क्षेत्र में की गई थी। इस संयन्त्र को जल विद्युत की आपूर्ति दामोदर घाटी कार्पोरेशन द्वारा की जाती है।
- अन्य इस्पात संयन्त्र देश में चतुर्थ – योजना काल में तीन नए इस्पात संयन्त्र कच्चे माल से दूर दक्षिण भारत में स्थापित किए गये थे। इनमें विशाखापट्टनम् (आन्ध्रप्रदेश) स्थित ‘विजाग इस्पात संयन्त्र’ पहला पत्तन आधारित संयन्त्र था। इसकी शुरुआत 1992 में हुई थी। दूसरा ‘विजयनगर इस्पात संयन्त्र’ कर्नाटक के हॉस्पेट में विकसित किया गया, जिसमें स्वदेशी तकनीक का उपयोग किया जाता है। तीसरा ‘सेलम इस्पात संयन्त्र’ तमिलनाडु में 1982 में शुरू किया गया। उपर्युक्त मुख्य इस्पात संयन्त्रों के अतिरिक्त भारत में 206 से अधिक इस्पात इकाइयाँ स्थापित हैं, जिनमें कच्चे माल के रूप में मुख्यतः रद्दी लोहे का उपयोग किया जाता है।
II. सूती वस्त्र उद्योग:
यह भारत का सबसे बड़ा कृषि आधारित परम्परागत उद्योग है, जो प्राचीन एवं मध्य काल में केवल एक कुटीर उद्योग के रूप में विकसित था। भारत में 1854 में पहली आधुनिक सूती मिल की स्थापना मुम्बई में की गई थी। इसके उपरान्त अहमदाबाद में दो और मिलें – शाहपुर मिल और कैलिको मिल की स्थापना की गई। इस उद्योग की स्थापना के लिए कच्चे माल कपास के स्थान पर बाजार, सस्ते श्रमिक या विद्युत ऊर्जा की उपलब्धता अधिक महत्त्वपूर्ण कारक होते हैं। वर्तमान में अहमदाबाद, भिवांडी, शोलापुर, कोल्हापुर, नागपुर, इंदौर और उज्जैन सूती वस्त्र उद्योग के मुख्य केन्द्र हैं।
III. चीनी उद्योग:
यह भारत में वस्त्र उद्योग के बाद दूसरा सबसे बड़ा कृषि आधारित उद्योग है। कच्चे माल के मौसमी होने के कारण, यह एक मौसमी उद्योग है। इस उद्योग का विकास 1903 में बिहार में एक चीनी मिल की स्थापना से प्रारम्भ हुआ था। 2010-2011 में देश में चीनी मिलों की संख्या 662 हो गई थी। देश में प्रमुख चीनी उत्पादक राज्य महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, बिहार, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश और गुजरात आदि हैं।
IV. पेट्रो रसायन उद्योग:
विशेषतः अपरिष्कृत पेट्रोल से कई प्रकार की वस्तुएँ तैयार की जाती हैं, जो अनेक नए उद्योगों के लिए कच्चा माल उपलब्ध कराती हैं, इन्हें ही सामूहिक रूप से पेट्रो रसायन उद्योग कहा जाता है। इस उद्योग को मुख्यत: पॉलीमर, कृत्रिम रेशे, इलेस्टोमर्स और पृष्ठ संक्रियक में विभाजित किया गया है। रासायनिक और पेट्रो- रासायनिक विभाग के प्रशासनिक नियन्त्रण में पेट्रो रसायन सेक्टर के अन्तर्गत तीन संस्थाएँ कार्य कर रही हैं- पहली सार्वजनिक सेक्टर में ‘भारतीय पेट्रो- रासायनिक कार्पोरेशन लिमिटेड’ (IPCL), दूसरी सहकारी क्षेत्र में ‘पेट्रोफिल्स कोऑपरेटिव लिमिटेड’ और तीसरी ‘सेंट्रल इंस्टिट्यूट ऑफ प्लास्टिक इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी’ (CIPET) सार्वजनिक सेक्टर में 1961 में स्थापित ‘द नेशनल आर्गेनिक केमिकल्स इंडस्ट्रीज लिमिटेड (NOCIL), नेफ्था पर आधारित मुम्बई का पहला रासायनिक उद्योग था।
ज्ञान आधारित उद्योग:
अवगम प्रौद्योगिक उन्नति ने देश की अर्थव्यवस्था को काफी प्रभावित किया है। वर्तमान में अवगम प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में कार्यरत अधिकांश बहुराष्ट्रीय कम्पनियों के या तो सॉफ्टवेयर विकास केन्द्र अथवा अनुसन्धान विकास केन्द्र भारत में ही स्थित हैं। इस उद्योग के विकास का मुख्य प्रभाव रोजगार अवसर के सृजन पर पड़ा है, जो प्रतिवर्ष लगभग दुगुना हो रहा है।
→ भारत में उदारीकरण, निजीकरण तथा वैश्वीकरण एवं औद्योगिक विकास:
देश में नई औद्योगिक नीति 1991 में घोषित की गई थी, जिसके मुख्य लक्ष्य उदारीकरण, निजीकरण और वैश्वीकरण हैं। इस हेतु इस नीति में कई उपाय किये गये हैं, जैसे औद्योगिक लाइसेंस व्यवस्था का समापन, विदेशी तकनीकी का निःशुल्क प्रवेश, विदेशी निवेश नीति, पूँजी बाजार में अभिगम्यता, खुला व्यापार, प्रावस्थबद्ध निर्माण कार्यक्रम का उन्मूलन एवं औद्योगिक अवस्थिति कार्यक्रम का उदारीकरण।
→ भारत के औद्योगिक प्रदेश:
उद्योगों के अनुकूल अवस्थितिक कारकों के कारण कुछ निश्चित स्थानों पर केन्द्रित हो जाने के कारण देश में उद्योगों का वितरण एक समान नहीं है, विशेषतः देश में आठ प्रमुख औद्योगिक प्रदेशों को चिन्हित किया गया है। जो हैं- मुम्बई- पुणे औद्योगिक प्रदेश, हुगली औद्योगिक प्रदेश, बंगलौर – चेन्नई औद्योगिक प्रदेश, गुजरात औद्योगिक प्रदेश, छोटा नागपुर प्रदेश, विशाखापट्टनम-गुंटूर प्रदेश, गुरुग्राम- दिल्ली-मेरठ प्रदेश और कोलम – तिरुवनन्तपुरम प्रदेश।
→ भौगोलिक शब्दावली:
- स्थूल पदार्थ – भार ह्रास वाले पदार्थ, अर्थात् वह पदार्थ, जिनके भार में समय के साथ कमी आती जाती है।
- पत्तन – बन्दरगाह।
- देहली (Threshold) – प्रवेश मार्ग।