Understanding the question and answering patterns through Class 12 Geography NCERT Solutions in Hindi Chapter 7 तृतीयक और चतुर्थ क्रियाकलाप will prepare you exam-ready.
NCERT Class 12 Geography Chapter 7 Solutions in Hindi तृतीयक और चतुर्थ क्रियाकलाप
पाठ्यपुस्तक के प्रश्न
प्रश्न 1.
नीचे दिए गए चार विकल्पों में से सही चुनिए –
(i) निम्नलिखित में से कौनसा एक तृतीयक क्रिया-कलाप है?
(अ) खेती
(स) व्यापार
(ब) बुनाई
(द) आखेट
उत्तर:
(स) व्यापार
(ii) निम्नलिखित क्रिया-कलापों में से कौनसा एक द्वितीयक सेक्टर का क्रिया-कलाप नहीं है?
(अ) इस्पात प्रगलन
(ब) वस्त्र निर्माण
(स) मछली पकड़ना
(द) टोकरी बुनना।
उत्तर:
(स) मछली पकड़ना
(iii) निम्नलिखित में से कौनसा एक सेक्टर दिल्ली, मुम्बई, चेन्नई और कोलकाता में सर्वाधिक रोजगार प्रदान करता है?
(अ) प्राथमिक
(ब) द्वितीयक
(स) पर्यटन
(द) सेवा।
उत्तर:
(द) सेवा।
(iv) वे काम जिनमें उच्च परिमाण और स्तर वाले अन्वेषण सम्मिलित होते हैं, कहलाते हैं –
(अ) द्वितीयक क्रिया-कलाप
(ब) पंचम क्रिया-कलाप
(स) चतुर्थक क्रिया-कलाप
(द) प्राथमिक क्रिया-कलाप।
उत्तर:
(स) चतुर्थक क्रिया-कलाप
(v) निम्नलिखित में से कौनसा क्रिया-कलाप चतुर्थ सेक्टर से सम्बन्धित है ?
(अ) संगणक विनिर्माण
(ब) विश्वविद्यालयी अध्यापन
(स) कागज और कच्ची लुगदी निर्माण
(द) पुस्तकों का मुद्रण।
उत्तर:
(ब) विश्वविद्यालयी अध्यापन
(vi) निम्नलिखित कथनों में से कौनसा एक सत्य नहीं है?
(अ) बाह्य स्रोतन दक्षता को बढ़ाता है और लागतों 1 को घटाता है।
(ब) कभी-कभार अभियान्त्रिकी और विनिर्माण- कार्यों की भी बाह्य स्रोतन की जा सकती है।
(स) बी.पी.ओज के पास के.पी. ओज की तुलना में बेहतर व्यावसायिक अवसर होते हैं।
(द) कामों के बाह्य स्रोतन करने वाले देशों में काम की तलाश करने वालों में असन्तोष पाया जाता है।
उत्तर:
(स) बी.पी.ओज के पास के.पी. ओज की तुलना में बेहतर व्यावसायिक अवसर होते हैं।
प्रश्न 2.
निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर लगभग 30 शब्दों में दीजिए –
(i) फुटकर व्यापार सेवा को स्पष्ट कीजिए।
उत्तर:
वे व्यापारिक क्रिया-कलाप, जो कि उपभोक्ताओं को वस्तुओं के प्रत्यक्ष विक्रय से सम्बन्धित हैं, फुटकर व्यापार सेवा कहलाते हैं। फेरी, रेहड़ी, ट्रक, डाक आदेश, दूरभाष, स्वचालित बिक्री मशीनें तथा इंटरनेट फुटकर बिक्री के भण्डार रहित उदाहरण हैं।
(ii) चतुर्थक सेवाओं का वर्णन कीजिए।
उत्तर:
चतुर्थक सेवाएँ ज्ञान आधारित सेवाएँ हैं। अतः अनुसंधान तथा विकास पर केन्द्रित क्रियाकलाप जो विशिष्टीकृत ज्ञान, तकनीकी दक्षता तथा प्रशासनिक क्षमता से सम्बन्धित होते हैं, चतुर्थक सेवा कार्य कहलाते हैं।
(iii) विश्व में चिकित्सा पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से उभरते हुए देशों के नाम लिखिए।
उत्तर:
चिकित्सा पर्यटन अन्तर्राष्ट्रीय पर्यटन गतिविधि से सम्बन्धित चिकित्सा उपचार है भारत, थाईलैण्ड, सिंगापुर, मलेशिया, स्विट्जरलैण्ड तथा आस्ट्रेलिया में यह क्रिया- कलाप तेजी से बढ़ा है।
(iv) अंकीय विभाजक क्या है?
उत्तर:
सूचना और संचार प्रौद्योगिकी पर आधारित विकास से मिलने वाले अवसरों का विवरण पूरे ग्लोब पर असमान रूप से वितरित है। विकसित देश इस दिशा में आगे बढ़ गये हैं, जबकि विकासशील देश पिछड़ गए हैं। इस प्रकार देशों में इस विभाजन को अंकीय विभाजन कहते हैँ।
प्रश्न 3.
निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर 150 शब्दों से अधिक न दें।
(i) आधुनिक आर्थिक विकास में सेवा सेक्टर की सार्थकता और वृद्धि की चर्चा कीजिए।
उत्तर:
आधुनिक आर्थिक विकास में सेवा सेक्टर की सार्थकता एवं वृद्धि – सेवा क्षेत्र में व्यापार व वाणिज्य के अलावा स्वास्थ्य कल्याण, शिक्षा, अवकाश, मनोरंजन, परिवहन, संचार, दूरसंचार, प्रशिक्षण तकनीक व अनुसंधान जैसे सभी क्षेत्र सम्मिलित होते हैं। आधुनिक आर्थिक विकास में सेवा क्षेत्र का महत्त्वपूर्ण योगदान है। विश्व के विकसित राष्ट्रों के साथ-साथ अधिकांश विकासशील राष्ट्रों में कृषि तथा विनिर्माण क्षेत्र की तुलना में सेवा सेक्टर अधिक तेजी से बढ़ रहा है तथा देश के सकल घरेलू उत्पाद में सेवा सेक्टर का योगदान भी बढ़ रहा है।
सेवा सेक्टर के बढ़ते महत्त्व ने सेवा सेक्टर को उत्पादक अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में एक विशिष्ट स्थान प्रदान किया है। बीसवीं शताब्दी में विश्व के अधिकांश विकसित देशों तथा कुछ विकासशील देशों की अर्थव्यवस्था में विनिर्माण उद्योग की तुलना में सेवा सेक्टर के रोजगार में तीव्र वृद्धि हुई है। इसका प्रमुख कारण यह है कि इन देशों में प्रतिव्यक्ति आय के बढ़ने से विभिन्न प्रकार की सेवाओं की माँग में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। स्वास्थ्य, मनोरंजन, परिवहन व दूरसंचार ऐसी ही सुविधाएँ हैं।
यही नहीं, वर्तमान में अनेक घरेलू कार्य बाजार से कराए जाते हैं तथा बाहरी एजेन्सियों को ठेके पर कार्य दिए जा रहे हैं। बाह्य स्रोतन का ही परिणाम है कि भारत, चीन, पूर्वी यूरोप, इजरायल तथा फिलीपींस जैसे देशों में बड़ी संख्या में रोजगार उत्पन्न हुए हैं। इसके साथ-साथ सेवा क्षेत्र के विकास से विदेशी मुद्रा का अर्जन भी होता है।
(ii) परिवहन एवं संचार सेवाओं की सार्थकता को विस्तारपूर्वक स्पष्ट कीजिए।
उत्तर:
परिवहन एवं संचार सेवाओं की सार्थकता – परिवहन एक ऐसी सेवा अथवा सुविधा है जिससे व्यक्तियों, विनिर्मित माल तथा सम्पत्ति को भौतिक रूप एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जाता है। यह मनुष्य की गतिशीलता की मूलभूत आवश्यकता को पूरा करने हेतु निर्मित एक संगठित उद्योग है। आधुनिक समाज वस्तुओं के उत्पादन, वितरण और उद्योग में सहायता देने के लिए तीव्र और सक्षम परिवहन व्यवस्था चाहते हैं। इस जटिल व्यवस्था की प्रत्येक अवस्था में परिवहन द्वारा पदार्थ का मूल्य अत्यधिक बढ़ जाता है।
संचार सेवाओं में शब्दों और संदेशों तथ्यों और विचारों का प्रेषण सम्मिलित किया जाता है। वर्तमान समय में किसी देश के सामाजिक-आर्थिक विकास में परिवहन एवं संचार सेवाओं का महत्त्वपूर्ण योगदान होता है। परिवहन एवं संचार सेवाओं के अभाव में किसी भी देश का पूरा आर्थिक तन्त्र ध्वस्त हो सकता है। ये सेवाएँ वस्तु, सूचना तथा जनसंख्या को गतिशीलता प्रदान करती हैं साथ ही आधारभूत सुविधाओं की आपूर्ति भी इन सेवाओं से ही होती है। इसी प्रकार जीवन का स्तर तथा जीवन की गुणवत्ता भी इन सेवाओं पर निर्भर होती है।
आधुनिक समाज में वस्तुओं के उत्पादन, वितरण तथा उपभोग सम्बन्धी कार्यों को पूरा करने के लिए तीव्र एवं प्रभावी परिवहन व्यवस्था की आवश्यकता होती है। परिवहन के द्वारा ही वस्तुओं के मूल्यों में वृद्धि होती है। दूसरी ओर आधुनिक संचार माध्यम के कारण समय में बचत होती है तथा मानवीय कार्यक्षमता में वृद्धि होती है। परिवहन व संचार सेवाओं की उपलब्धता के स्तर का प्रभाव राष्ट्र के उत्पादन तथा राष्ट्रीय आय में वृद्धि पर पड़ता है। अतः परिवहन तथा संचार सेवाओं का आधुनिक आर्थिक विकास में महत्त्वपूर्ण योगदान है।