Understanding the question and answering patterns through Class 12 Geography Question Answer in Hindi Chapter 8 परिवहन एवं संचार will prepare you exam-ready.
Class 12 Geography Chapter 8 in Hindi Question Answer परिवहन एवं संचार
अन्य महत्त्वपूर्ण प्रश्न
वस्तुनिष्ठ प्रश्न
प्रश्न 1.
विश्व का सबसे लम्बा रेल मार्ग है –
(अ) कनाडियन पैसेफिक रेलमार्ग
(ब) पैन अमेरिकन रेल मार्ग
(स) आस्ट्रेलियन अन्तर्महाद्वीपीय रेल मार्ग
(द) ट्रान्स साइबेरियन रेल मार्ग।
उत्तर:
(द) ट्रान्स साइबेरियन रेल मार्ग।
प्रश्न 2.
भारत का सबसे लम्बा महामार्ग है –
(अ) राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-5
(ब) राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-4
(स) राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-7
(द) राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या- 2
उत्तर:
(स) राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-7
प्रश्न 3.
संयुक्त राज्य अमेरिका तथा कनाडा को आपस में जोड़ने वाला महामार्ग है-
(अ) ट्रान्स-कनाडियन महामार्ग
(ब) अलास्का महामार्ग
(स) पान-अमेरिकन महामार्ग
(द) मास्को- ब्लाडीवोस्टक महामार्ग ।
उत्तर:
(स) पान-अमेरिकन महामार्ग
प्रश्न 4.
प्राचीन विश्व के हृदय स्थल कहे जाने वाले क्षेत्रों से गुजरने वाला समुद्री मार्ग है –
(अ) उत्तरी अटलाण्टिक समुद्री मार्ग
(ब) भूमध्य सागर – हिन्द महासागरीय समुद्री मार्ग
(स) उत्तमाशा अन्तरीप समुद्री मार्ग
(द) उत्तरी प्रशान्त समुद्री मार्ग।
उत्तर:
(ब) भूमध्य सागर – हिन्द महासागरीय समुद्री मार्ग
प्रश्न 5.
स्वेज नहर जिन सागरों को जोड़ती है, वे हैं –
(अ) भूमध्य सागर तथा लाल सागर
(ब) काला सागर तथा भूमध्य सागर
(स) उत्तरी सागर तथा बाल्टिक सागर
(द) बाल्टिक सागर तथा स्वेत सागर।
उत्तर:
(अ) भूमध्य सागर तथा लाल सागर
प्रश्न 6.
पनामा नहर जिन सागरों को आपस में जोड़ती है, वे हैं-
(अ) अन्ध महासागर तथा हिन्द महासागर
(ब) प्रशान्त महासागर तथा हिन्द महासागर
(स) अन्धमहासागर तथा प्रशान्त महासागर
(द) भूमध्य सागर तथा लाल सागर।
उत्तर:
(स) अन्धमहासागर तथा प्रशान्त महासागर
प्रश्न 7.
पश्चिमी पूर्वी आस्ट्रेलियन राष्ट्रीय रेल मार्ग जिन स्थानों को जोड़ता है, वे हैं-
(अ) पर्थ से सिडनी
(ब) डार्बिन से मेलबोर्न
(स) ब्रिसबेन से एडीलेड
(द) सिडनी से कालगुर्ली।
उत्तर:
(अ) पर्थ से सिडनी
प्रश्न 8.
संयुक्त राज्य अमेरिका के आन्तरिक भागों को दक्षिण में मैक्सिको की खाड़ी के साथ जोड़ने वाला जलमार्ग हैं-
(अ) वोल्गा जल मार्ग
(ब) डेन्यूब जल मार्ग
(स) राइन जल मार्ग
(द) मिसीसिपी जल मार्ग।
उत्तर:
(द) मिसीसिपी जल मार्ग।
अतिलघूत्तरात्मक प्रश्न
प्रश्न 1.
नगरीय क्षेत्र में सड़क तन्त्र पर यातायात संकुलता की समस्या के कोई दो कारण लिखिए।
उत्तर:
- यातायात में नाटकीय वृद्धि हुई है।
- सड़क तंत्र का यातायात की जरूरतों के अनुरूप विकसित न हो पाना ।
प्रश्न 2.
परिवहन जाल क्या होता है?
उत्तर:
अनेक स्थान जिनको परस्पर मार्गों की श्रेणियों द्वारा जोड़ दिए जाने पर जिस प्रारूप का निर्माण होता है उसे परिवहन जाल कहते हैं।
प्रश्न 3.
हिमाच्छादित क्षेत्रों में परिवहन हेतु किन पशुओं का प्रयोग किया जाता है ?
उत्तर:
- कुत्ते
- रेडियर।
प्रश्न 4.
इन्टरनेट से क्या तात्पर्य है?
उत्तर:
भेजने वाले और प्राप्त करने वाले के शारीरिक संचलन के बिना कम्प्यूटर पर सूचनाओं के प्रेषण और प्राप्ति की विद्युतीय अंकीय दुनिया इंटरनेट कहलाती है।
प्रश्न 5.
वोल्गा जलमार्ग किस देश में स्थित है? इसकी लम्बाई लिखिए।
उत्तर:
वोल्गा जलमार्ग रूस में स्थित है तथा यह 11,200 किलोमीटर तक लम्बा है।
प्रश्न 6.
कौनसे तीन तत्त्वों का एक ही स्थान पर पाया जाना दुर्लभ होता है?
उत्तर:
प्राकृतिक संसाधनों, आर्थिक क्रिया-कलापों तथा बाजार का किसी एक ही स्थान पर पाया जाना दुर्लभ होता है ।
प्रश्न 7.
उत्पादक केन्द्रों तथा खपत केन्द्रों को आपस में जोड़ने वाले कारकों के नाम बताइये ।
उत्तर:
परिवहन, संचार तथा व्यापार उत्पादन केन्द्रों और उपभोग केन्द्रों को आपस में जोड़ते हैं।
प्रश्न 8.
प्रत्येक प्रदेश किन वस्तुओं का उत्पादन करता है ?
उत्तर:
प्रत्येक प्रदेश केवल उन्हीं वस्तुओं का उत्पादन करता है जिसके लिए वहाँ आदर्श दशाएँ उपलब्ध होती हैं ।
प्रश्न 9.
जीवन का स्तर तथा जीवन की गुणवत्ता किस पर निर्भर करते हैं?
उत्तर;
जीवन का स्तर व जीवन की गुणवत्ता दक्ष परिवहन, संचार एवं व्यापार पर निर्भर करते हैं।
प्रश्न 10.
परिवहन से क्या अभिप्राय है?
उत्तर:
व्यक्तियों और वस्तुओं को एक स्थान से दूसरे स्थान तक वहन करने की सेवा या सुविधा को परिवहन कहा जाता है।
प्रश्न 11.
विश्व परिवहन की प्रमुख विधाओं के नाम बताइये ।
उत्तर:
विश्व परिवहन की प्रमुख विधाएँ स्थल, जल, वायु तथा पाइप लाइन हैं।
प्रश्न 12.
परिवहन की किसी विधा की सार्थकता किस पर निर्भर करती है?
उत्तर:
किसी विधा की सार्थकता परिवहित की जाने वाली वस्तुओं और सेवाओं के प्रकार, परिवहन की लागतों और उपलब्ध विधा पर निर्भर करती है।
प्रश्न 13.
किसी देश के भीतर स्थूल पदार्थों के विशाल परिमाण को लम्बी दूरियों तक परिवहन करने हेतु सर्वाधिक अनुकूल साधन का नाम बताइये।
उत्तर:
रेल परिवहन।
प्रश्न 14.
कौन-कौनसी वस्तुओं का वायु मार्गों द्वारा परिवहन सर्वश्रेष्ठ होता है?
उत्तर:
उच्च मूल्य वाली, हल्की तथा शीघ्र नाशवान वस्तुओं का वायु मार्गों द्वारा परिवहन सर्वश्रेष्ठ होता है।
प्रश्न 15.
कम दूरी एवं एक घर से दूसरे घर की सेवाएँ प्रदान करने में परिवहन का सस्ता एवं तीव्रगामी साधन कौनसा है?
उत्तर:
सड़क परिवहन।
प्रश्न 16.
रज्जु मार्ग तथा तार गाड़ियाँ जैसे परिवहन के साधन कहाँ पाए जाते हैं ?
उत्तर:
रज्जुमार्ग तथा तार गाड़ियाँ जैसे परिवहन का साधन प्रायः तीव्र ढाल वाले पर्वतों और खानों में पाया जाता है जहाँ सड़क निर्माण उपयुक्त नहीं होता है
प्रश्न 17.
कुत्तों एवं रेन्डियरों का प्रयोग परिवहन के साधन के रूप में कहाँ किया जाता है?
उत्तर:
इनका प्रयोग उत्तरी अमेरिका, उत्तरी यूरोप तथा साइबेरिया के हिमाच्छादित मैदानों में स्लेज को खींचने के लिए किया जाता है।
प्रश्न 18.
खच्चरों तथा ऊँटों का प्रयोग परिवहन के साधन के रूप में कहाँ किया जाता है?
उत्तर:
परिवहन के साधन के रूप में खच्चरों का प्रयोग पर्वतीय प्रदेशों तथा ऊँटों का प्रयोग मरुस्थलीय क्षेत्रों में कारवाओं के संचालन में किया जाता है।
प्रश्न 19.
छोटी दूरियों के लिए रेल परिवहन की अपेक्षा आर्थिक दृष्टि से लाभदायक साधन कौनसा होता है ?
उत्तर:
सड़क परिवहन।
प्रश्न 20.
उन दो देशों के नाम बताइये जिनमें सघन बसे जिलों में आज भी मानव कुलियों और मनुष्य द्वारा खींची जाने वाली गाड़ियों से होने वाले स्थल परिवहन का प्रचलन पाया जाता है।
उत्तर:
- भारत
- चीन।
प्रश्न 21.
सड़कों पर संकुलन किस प्रकार बढ़ जाता है ?
उत्तर:
जब सड़क तन्त्र यातायात की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित नहीं हो पाता है तो सड़कों पर संकुलन बढ़ जाता है।
प्रश्न 22.
महामार्ग क्या है? इनका निर्माण कैसे किया जाता है?
उत्तर:
महामार्ग दूरस्थ स्थानों को जोड़ने वाली पक्की सड़कें हैं। इनका निर्माण इस प्रकार किया जाता है कि अबाधित रूप से यातायात का आवागमन हो सके।
प्रश्न 23.
ट्रान्स कनाडियन महामार्ग कहाँ से कहाँ तक जाता है? बताइये।
उत्तर:
यह पश्चिमी तट पर स्थित ब्रिटिश कोलम्बिया प्रान्त के वैंकूवर स्थान को पूर्वी तट पर स्थित न्यूफाउण्डलैण्ड प्रान्त के सेण्ट जॉन नगर से जोड़ता है।
प्रश्न 24.
भारत का सबसे लम्बा महामार्ग कौनसा है ? यह किन शहरों को आपस में जोड़ता है?
उत्तर:
राष्ट्रीय महामार्ग संख्या 7 जो कि वाराणसी को कन्याकुमारी से जोड़ता है, देश का सबसे लम्बा राष्ट्रीय महामार्ग है।
प्रश्न 25.
भारत में निर्माणाधीन स्वर्णिम चतुर्भुज द्रुत मार्ग के द्वारा कौन-कौनसे शहरों को आपस में जोड़ने की योजना है ?
उत्तर:
भारत में निर्माणाधीन स्वर्णिम चतुर्भुज द्रुत मार्ग के द्वारा नई दिल्ली, मुम्बई, बैंगलौर, चेन्नई, कोलकाता तथा हैदराबाद को जोड़ने की योजना है।
प्रश्न 26.
सीमावर्ती सड़कें क्या हैं?
उत्तर:
अन्तर्राष्ट्रीय सीमाओं के सहारे बनाई गई सड़कों को सीमावर्ती सड़कें कहा जाता है।
प्रश्न 27.
सीमावर्ती सड़कों का महत्त्व बताइये।
उत्तर:
सीमावर्ती सड़कें सुदूर क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को प्रमुख नगरों से जोड़ने और प्रतिरक्षा प्रदान करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
प्रश्न 28.
विश्व के किस देश में मानक रेल लाइन का उपयोग किया जाता है?
उत्तर:
ब्रिटेन में मानक रेल लाइन का उपयोग किया जाता है।
प्रश्न 29.
दैनिक आवागमन के लिए रेलें कौन-कौनसे देशों में अत्यधिक लोकप्रिय हैं?
उत्तर:
दैनिक आवागमन के लिए रेलें ब्रिटेन, संयुक्त राज्य अमेरिका, जापान और भारत में अत्यधिक लोकप्रिय हैं।
प्रश्न 30.
यूरोप के प्रमुख रेल केन्द्रों के नाम बताइये।
उत्तर;
लन्दन, पेरिस, ब्रुसेल्स, मिलान, बर्लिन और वारसा यूरोप के महत्त्वपूर्ण रेल केन्द्र हैं।
प्रश्न 31.
दक्षिणी अमेरिका में रेल मार्ग के दो सघन प्रदेशों के नाम बताइये ।
उत्तर:
अर्जेण्टाइना के पम्पास तथा ब्राजील के कॉफी उत्पादक प्रदेश, दक्षिणी अमेरिका में रेल मार्ग के दो सघन प्रदेश हैं।
प्रश्न 32.
एशिया महाद्वीप में जापान, चीन तथा भारत के अलावा रेल मार्गों की कमी क्यों पाई जाती है?
उत्तर:
एशिया महाद्वीप के अन्य देशों में विस्तृत मरुस्थलों तथा विरल जनसंख्या प्रदेशों के कारण रेल सुविधाओं का न्यूनतम विकास हुआ है।
प्रश्न 33.
पार महाद्वीपीय रेल मार्गों का निर्माण क्यों किया गया ? बताइये।
उत्तर:
इनका निर्माण आर्थिक और राजनीतिक कारणों से विभिन्न दिशाओं में लम्बी यात्राओं की सुविधा प्रदान करने के लिए किया गया था।
प्रश्न 34.
ओरियन्ट एक्सप्रेस रेल मार्ग का महत्त्व बताइये।
उत्तर:
इसके द्वारा लन्दन से इस्ताम्बूल तक लगने वाला यात्रा का समय समुद्री मार्ग से लगने वाले 10 दिनों की तुलना में केवल 96 घण्टे रह गया है।
प्रश्न 35.
जल परिवहन के प्रकार बताइये।
उत्तर:
जल परिवहन को समुद्री मार्गों तथा आन्तरिक जल मार्गों में विभक्त किया जाता है।
प्रश्न 36.
उत्तरी अटलाण्टिक समुद्री मार्ग कौनसे दो प्रदेशों को आपस में जोड़ता है। बताइये।
उत्तर:
यह मार्ग औद्योगिक दृष्टि से विकसित विश्व के दो प्रदेशों यथा– उत्तर-पूर्वी संयुक्त राज्य अमेरिका तथा पश्चिमी यूरोप को आपस में जोड़ता है।
प्रश्न 37.
उत्तरी अटलाण्टिक समुद्री मार्ग को ‘वृहद् ट्रंक मार्ग’ क्यों कहा जाता है ? बताइये।
उत्तर:
विश्व का एक चौथाई विदेशी व्यापार इस मार्ग द्वारा होता है। अतः विश्व का व्यस्ततम व्यापारिक जल मार्ग होने के कारण यह ‘वृहद् ट्रंक मार्ग’ कहलाता है।
प्रश्न 38.
स्वेज नहर का निर्माण कब व क्यों किया गया?
उत्तर:
इसका निर्माण 1869 मिस्र में उत्तर में पोर्ट सईद एवं दक्षिण में स्थित पोर्ट स्वेज के मध्यभूमध्य सागर एवं लालसागर को जोड़ने के लिए किया गया।
प्रश्न 39.
पनामा नहर का निर्माण किसके द्वारा किया गया है?
उत्तर:
इसका निर्माण पनामा जलडमरूमध्य के आर- पार संयुक्त राज्य अमेरिका के द्वारा किया गया है।
प्रश्न 40.
अनेक नदियों की नौगम्यता को किस प्रकार बढ़ाया गया है?
उत्तर:
नदी तल को गहरा एवं स्थिर करके तथा नदियों पर बाँध बनाकर जल प्रवाह को नियन्त्रित करके अनेक नदियों की नौगम्यता को बढ़ाया गया है।
प्रश्न 41.
विश्व में सबसे अधिक प्रयोग में लाया जाने वाला जल मार्ग कौनसा है ?
उत्तर;
राइन जल मार्ग विश्व का अत्यधिक प्रयोग में लाया जाने वाला जल मार्ग है।
प्रश्न 42.
वायुयानों के निर्माण तथा उनकी कार्यप्रणाली के लिए कौन-कौनसी अवस्थापनात्मक सुविधाओं की आवश्यकता होती है?
उत्तर;
विमानशाला, भूमि पर उतारने, ईंधन तथा रख- रखाव की सुविधाओं की आवश्यकता होती है।
प्रश्न 43.
दक्षिणी गोलार्द्ध में 10°-35° अक्षांशों के मध्य सीमित वायु सेवाएँ क्यों पाई जाती हैं?
उत्तर:
दक्षिणी गोलार्द्ध में 10°-35° अक्षांशों के मध्य अपेक्षाकृत विरल जनसंख्या, सीमित स्थल-खण्ड और आर्थिक विकास के कारण सीमित वायु सेवाएँ पाई जाती हैं ।
प्रश्न 44.
न्यूजीलैण्ड में पाइप लाइनों का उपयोग किस कार्य के लिए किया जाता है?
उत्तर:
र न्यूजीलैण्ड में फार्मों से फैक्ट्रियों तक दूध को पाइप लाइनों से भेजा जाता है।
प्रश्न 45.
परिवहन साधनों का महत्त्व किन कारकों पर निर्भर करता है?
उत्तर:
परिवहन साधनों का महत्त्व परिवहन की जाने वाली वस्तुओं और सेवाओं के प्रकार, परिवहन की लागत तथा उपलब्ध परिवहन साधनों पर निर्भर करता है।
प्रश्न 46.
भारत के उन कृत्रिम उपग्रहों के नाम बताइये जिन्होंने संचार, दूरदर्शन तथा रेडियो को अत्यधिक प्रभावी बना दिया है।
उत्तर:
भास्कर, चैलेंजर तथा इन्सेट 1-बी ने लम्बी दूरी के संचार दूरदर्शन तथा रेडियो को अत्यधिक प्रभावी बना दिया है।
प्रश्न 47.
साइबर स्पेस इन्टरनेट क्या है?
उत्तर:
साइबर स्पेस इन्टरनेट भेजने वाले और प्राप्त करने वाले के शारीरिक संचलन के बिना कम्प्यूटर पर सूचनाओं के प्रेषण और प्राप्ति की दुनिया है।
प्रश्न 48.
मनुष्य ने लम्बी दूरियों के संचार के लिए कौन-कौनसी विधियों का प्रयोग किया?
उत्तर:
मनुष्य ने लम्बी दूरियों के संचार के लिए अनेक विधियों का प्रयोग किया जिनमें टेलीग्राफ तथा टेलीफोन महत्त्वपूर्ण थे।
प्रश्न 49.
विश्व में सबसे अधिक लम्बी पाइप लाइन कौनसी होगी?
उत्तर:
प्रस्तावित ईरान-भारत वाया पाकिस्तान अन्तर्राष्ट्रीय तेल और प्राकृतिक गैस पाइप लाइन विश्व में सबसे लम्बी पाइप लाइन होगी।
प्रश्न 50.
प्रथम सार्वजनिक रेलमार्ग का निर्माण कब एवं कहाँ हुआ ?
उत्तर:
सम्भवत: प्रथम सार्वजनिक रेलमार्ग का निर्माण 1825 में उत्तरी इंग्लैण्ड के स्टॉकटन और डलिंग्टन स्थानों के मध्य प्रारम्भ हुआ।
प्रश्न 51.
परिवहन के क्षेत्र में क्रान्ति का सूत्रपात कब हुआ?
उत्तर:
परिवहन के क्षेत्र में क्रान्ति का सूत्रपात अठारहवीं शताब्दी में भाप के इंजन के आविष्कार के बाद हुआ।
प्रश्न 52.
पाइप लाइनों द्वारा किन पदार्थों का परिवहन किया जाता है?
उत्तर:
पाइप लाइनों द्वारा मुख्यतः तरल पदार्थों, जैसे- खनिज तेल, जल, अवमल और नाली मल का परिवहन किया जाता है।
प्रश्न 53.
चीन द्वारा तिब्बत क्षेत्र में निर्मित किए गए महामार्ग का नाम लिखिए।
उत्तर:
चेगडू – ल्हासा महामार्ग चीन द्वारा तिब्बत क्षेत्र में निर्मित किया गया है।
प्रश्न 54.
पार-कनाडियन रेलमार्ग कहाँ से कहाँ तक जाता है?
उत्तर:
यह रेलमार्ग कनाडा के पूर्व में हैलिफैक्स नगर से पश्चिम में प्रशान्त तट पर स्थित बैंकुवर नगर तक जाता है।
प्रश्न 55.
पनामा नहर कहाँ से कहाँ तक जाती है?
उत्तर:
यह नहर प्रशान्त महासागर के तट पर स्थित पनामा नगर से अटलांटिक महासागर के तट पर स्थित कोलोन नगर तक जाती है।
प्रश्न 56.
राइन नदी कहाँ से कहाँ तक नौकायन योग्य है ?
उत्तर:
राइन नदी नीदरलैण्ड में रोटरडम में अपने मुहाने से लेकर स्विट्जरलैण्ड में बेसल तक 700 किलोमीटर लम्बाई में नौकायन योग्य है।
प्रश्न 57.
पोर्टसईद एवं स्वेज नगरों को ताजे पानी की आपूर्ति किसके द्वारा होती है?
उत्तर:
नील नदी से एक नौगम्य ताजा पानी की नहर स्वेज नहर से इस्माइलिया में मिलती है, जिससे पोर्टसईद और स्वेज नगरों को ताजे पानी की आपूर्ति होती है।
प्रश्न 58.
दक्षिणी प्रशांत समुद्री मार्ग का मुख्य उपयोग क्या है? लिखिए।
उत्तर:
इस मार्ग का प्रयोग हांगकांग, फिलीपींस और इंडोनेशिया पहुँचने के लिए किया जाता है।
प्रश्न 59.
‘बिग इंच’ क्या है?
उत्तर:
यह एक पाइप लाइन है, जो मैक्सिको की खाड़ी में स्थित तेल कुओं से उत्तरी-पूर्वी राज्यों तक तेल ले जाती है।
प्रश्न 60.
ट्रांस-साइबेरियन रेलमार्ग कौनसी दो नदियों से गुजरता है?
उत्तर:
ओब और येनिसी नदियों से।
लघूत्तरात्मक प्रश्न
प्रश्न 1.
साइबर स्पेस की उपयोगिता समझाइए।
उत्तर:
- इससे बिना शारीरिक संचालन के सूचनाओं को प्रेषण और प्राप्त किया जा सकता है।
- इसे इण्टरनेट के नाम से भी जाना जाता है जो कि हर जगह विद्यमान है।
- यह किसी भी कार्यालय में, जल में चलती नौका में, उड़ते जहाजों में कहीं भी हो सकता है।
- साइबर स्पेस लोगों के समकालीन आर्थिक और सामाजिक स्पेस को ई-मेल, ई-वाणिज्य, ई-शिक्षा और ई – प्रशासन के माध्यम से विस्तृत करेगा।
- यह फैक्स, टेलीविजन और रेडियो के साथ-साथ इंटरनेट के रूप में समय और स्थान की सीमाओं को लाँघते हुए अधिक से अधिक लोगों तक पहुँच रहा है।
- यह आधुनिक संचार प्रणाली है जिसने परिवहन से कहीं ज्यादा वैश्विक ग्राम की संकल्पना को साकार किया है।
- इसका उपयोग उपग्रह से प्राप्त चित्रों के आधार पर असैनिक क्षेत्रों जैसे नगरीय नियोजन, प्रदूषण नियन्त्रण, वन विनाश आदि से प्रभावित क्षेत्रों को ढूंढना तथा सैकड़ों भौतिक प्रतिरूपों एवं प्रक्रमों को पहचानने हेतु किया जाता है।
प्रश्न 2.
यदि आपको मुम्बई से न्यूयार्क की समुद्र यात्रा करनी हो तो, किस समुद्री जल मार्ग का चयन करेंगे और क्यों?
उत्तर:
मुम्बई से न्यूयार्क की समुद्र यात्रा करने के लिए हम क्रमश: निम्न समुद्री जलमार्ग का चयन करेंगे –
- भूमध्यसागर-हिंद महासागरीय समुद्री मार्ग ।
- उत्तरी अटलांटिक समुद्री मार्ग।
हम इन मार्गों का चयन इसलिए करेंगे क्योंकि मुम्बई से न्यूयार्क के लिए यही सबसे छोटा मार्ग है तथा इससे हम कम समय में न्यूयार्क पहुँच सकेंगे।
प्रश्न 3.
आन्तरिक जल मार्ग के विकास की कोई दो अनुकूल दशाएँ लिखिए।
उत्तर:
आन्तरिक जल मार्ग के विकास के लिए निम्नलिखित दशाएँ अनुकूल होती हैं –
- नदी या नहर चौड़ी, गहरी एवं गादयुक्त होनी चाहिए।
- जल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध होना चाहिए अर्थात् जल प्रवाह की निरन्तरता बनी रहनी चाहिए।
प्रश्न 4.
परिवहन के विभिन्न साधनों के नाम बताओ। इनके द्वारा विभिन्न वस्तुओं का परिवहन बताइये।
उत्तर:
व्यक्तियों और वस्तुओं को एक स्थान से दूसरे स्थान तक वहन करने की सेवा को परिवहन कहते हैं। इसमें मनुष्य, पशु तथा विभिन्न प्रकार की गाड़ियों का प्रयोग किया जाता है। प्रमुख परिवहन के साधन निम्नलिखित हैं –
- स्थल परिवहन – इसमें सड़कें तथा रेलें शामिल हैं।
- जल परिवहन – इसके अन्तर्गत जहाजी मार्ग तथा जल मार्ग शामिल हैं।
- वायु परिवहन – इसके अन्तर्गत उच्च मूल्य वाली वस्तुओं का परिवहन किया जाता है।
- पाइप लाइन – इनके द्वारा पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस तथा तरल पदार्थों का परिवहन होता है।
प्रश्न 5.
पक्की सड़कों तथा कच्ची सड़कों की उपयोगिता की तुलना कीजिए।
उत्तर;
- कच्ची सड़कें ये सरल सड़कें हैं जो कि सतह पर बनाई जाती हैं। ये सभी ऋतुओं में अधिक प्रभावशाली तथा वाहन योग्य नहीं हैं, वर्षा ऋतु में ये वहन के योग्य नहीं होती हैं।
- पक्की सड़कें – ये सड़कें ईंटों तथा पत्थर से बनायी जाती हैं। ये ठोस होती हैं किन्तु वर्षा ऋतु तथा बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में इनको हानि पहुँचती है। इनके किनारों के साथ ऊँची दीवारें बनाकर सुरक्षित किया जाता है।
प्रश्न 6.
चीन में प्रमुख नगरों को जोड़ने वाले महामार्गों का वर्णन कीजिए।
उत्तर:
चीन में महामार्ग प्रमुख नगरों को आपस में जोड़ते हुए देश में क्रिस क्रास करते हैं यथा- ये शांसो (वियतनाम सीमा के समीप), शंघाई (मध्य चोन), वांगबाओ (दक्षिण) एवं बीजिंग (उत्तर) को परस्पर जोड़ते हैं। एक नवीन महामार्ग तिब्बती क्षेत्र में चेगडू को ल्हासा से जोड़ता है।
प्रश्न 7.
भारत के दो प्रमुख महामार्गों का वर्णन कीजिए।
उत्तर:
भारत में अनेक महामार्ग पाए जाते हैं जो कि प्रमुख शहरों और नगरों को जोड़ते हैं, यथा –
- राष्ट्रीय महामार्ग संख्या-7 जो कि वाराणसी को कन्याकुमारी से जोड़ता है। यह देश का सबसे लम्बा राष्ट्रीय महामार्ग है।
- निर्माणाधीन स्वर्णिम चतुर्भुज अथवा द्रुत मार्गों के द्वारा प्रमुख महानगरों यथा-नई दिल्ली, मुम्बई, बैंगलौर, चेन्नई, कोलकाता तथा हैदराबाद को जोड़ने की योजना है।
प्रश्न 8.
सीमावर्ती सड़कों से क्या अभिप्राय है? इनके क्या कार्य हैं?
उत्तर:
अन्तर्राष्ट्रीय सीमाओं के सहारे बनाई गई सड़कों को सीमावर्ती सड़कें कहा जाता है। ये सड़कें सुदूर क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को प्रमुख नगरों से जोड़ने तथा प्रतिरक्षा प्रदान करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका अदा करती हैं। प्रायः सभी देशों में गाँवों एवं सैन्य शिविरों तक वस्तुओं को पहुँचाने के लिए इस प्रकार की सड़कें बनाई जाती हैं।
प्रश्न 9.
सड़क परिवहन सुविधाजनक क्यों होता है ? बताइये।
उत्तर:
आधुनिक समय में सड़कें स्थल यातायात का मुख्य साधन हैं। छोटी दूरी के लिए सड़कें एक सस्ता परिवहन साधन हैं। सड़कों द्वारा तीव्र गति से परिवहन सम्भव है। सड़क परिवहन के द्वारा उत्पादन वस्तुएँ उपभोक्ता के द्वार तक पहुँचाई जा सकती हैं। ऊँचे-नीचे प्रदेशों में भी सड़क परिवहन सम्भव है। सड़कों के द्वारा अल्प समय में निर्मित माल को बाजारों तक भेजा जा सकता है।
प्रश्न 10.
ट्रान्स साइबेरियन रेल मार्ग के आर्थिक महत्त्व का वर्णन कीजिए।
उत्तर:
ट्रान्स साइबेरियन रेल मार्ग रूस के पूर्वी भाग, साइबेरिया तथा यूराल प्रदेश को जोड़ता है। इस रेल मार्ग से साइबेरिया के आर्थिक विकास में सहायता मिली है। इस रेल मार्ग के द्वारा पूर्वी क्षेत्र को मशीनरी तथा लोहा भेजा जाता है तथा साइबेरिया से पश्चिम की तरफ खाद्यान्न, लकड़ी तथा कोयला भेजा जाता है। इस रेल मार्ग के उत्तर तथा दक्षिण की तरफ नदियों के द्वारा माल ढोया जाता है। इस व्यापारिक मार्ग पर साइबेरिया के मुख्य नगर स्थित हैं। इस रेल मार्ग के विकास से साइबेरिया में जनसंख्या घनत्व में वृद्धि हुई है।
प्रश्न 11.
” परिवहन एक संगठित सेवा उद्योग है। ” व्याख्या कीजिए।
उत्तर:
- परिवहन समाज की आधारभूत आवश्यकताओं की सन्तुष्टि के लिए रचा गया एक संगठित उद्योग है।
- परिवहन के अन्तर्गत परिवहन मार्गों, लोगों और वस्तुओं के वहन के लिए गाड़ियों मार्गों के रख-रखाव और लदान, उतराव तथा वितरण का निपटारा करने के लिए संस्थाओं का समावेश किया जाता है।
- प्रत्येक देश ने प्रतिरक्षा के उद्देश्य से विभिन्न प्रकार के परिवहन का विकास किया है।
- दक्ष संचार व्यवस्था से युक्त आश्वासित एवं तीव्रगामी परिवहन प्रकीर्ण लोगों के बीच सहयोग एवं एकता को उन्नत करता है।
प्रश्न 12.
विभिन्न देशों में बोझा ढोने वाले पशुओं का वर्णन कीजिए।
उत्तर:
विभिन्न देशों में बोझा ढोने वाले पशु निम्नलिखित हैं –
- घोड़ा घोड़ों का प्रयोग पश्चिमी देशों में भारवाही पशुओं के रूप में किया जाता है।
- कुत्ते एवं रेण्डियर – कुत्तों एवं रेण्डियरों का उपयोग उत्तरी अमेरिका, उत्तरी यूरोप और साइबेरिया के हिमाच्छादित मैदानों में स्लेज को खींचने के लिए किया जाता है।
- खच्चर – पर्वतीय प्रदेशों में खच्चरों को वरीयता प्रदान की जाती है।
- ऊँट – ऊँटों का उपयोग मरुस्थलीय क्षेत्रों में कारवाओं के संचलन के लिए किया जाता है।
- बैल – भारत में बैलों का प्रयोग छकड़ों को खींचने के लिए किया जाता है।
प्रश्न 13.
अफ्रीका महाद्वीप के प्रमुख रेल मार्गों का वर्णन कीजिए। ये किन-किन खनन क्षेत्रों को जोड़ते हैं?
उत्तर:
विश्व का दूसरा विशालतम महाद्वीप होने के उपरान्त भी अफ्रीका में केवल 40,000 किलोमीटर लम्बे रेल मार्ग हैं जिनमें से सोने हीरे के सान्द्रण और ताँबा खनन क्रिया-कलापों के कारण अकेले दक्षिणी अफ्रीका में 18,000 किलोमीटर लम्बे रेल मार्ग हैं। इस महाद्वीप के प्रमुख रेल मार्ग निम्नलिखित हैं, यथा –
- बेंगुएला रेल मार्ग जो कि अंगोला से कटंगा- जाम्बिया ताँबे की पेटी से होकर जाता है।
- तंजानिया रेल मार्ग जाम्बिया ताम्र पेटी से तट पर स्थित दार-ए-सलाम तक जाता है।
- बोसवाना और जिम्बाब्बे से होते हुए रेल मार्ग जो कि स्थलबद्ध राज्यों को दक्षिण अफ्रीकी रेल तन्त्र से जोड़ता है।
- दक्षिण अफ्रीका गणतन्त्र में केपटाउन से प्रेटोरिया तक ब्लू ट्रेन जाती है।
प्रश्न 14.
महामार्गों से क्या अभिप्राय है? इनकी विशेषताएँ बताइये।
उत्तर:
दूरस्थ स्थानों को आपस में जोड़ने वाली पक्की सड़कें महामार्ग होती हैं। इनकी प्रमुख विशेषताएँ निम्नलिखित हैं-
- महामार्गों का निर्माण इस प्रकार से किया जाता है कि अबाधित रूप से यातायात का आवागमन हो सके।
- इसके अन्तर्गत यातायात के अबाधित प्रवाह की सुविधा के लिए अलग-अलग यातायात लेन बनाए जाते हैं।
- महामार्ग पुलों, फ्लाई ओवरों और दोहरे वहन मार्गों से युक्त होते हैं।
- महामार्ग 80 मीटर चौड़ी सड़कें होती हैं।
- विकसित देशों में प्रत्येक नगर और पत्तन नगर महामार्गों से जुड़े हैं।
प्रश्न 15.
यातायात के साधन किसी देश की जीवन रेखाएँ क्यों कहलाते हैं? स्पष्ट कीजिए।
उत्तर:
यातायात के साधन राष्ट्र रूपी शरीर की धमनियाँ हैं। किसी भी देश की आर्थिक व सामाजिक उन्नति यातायात के साधनों के विकास पर निर्भर है। देश के प्राकृतिक साधनों का पूरा लाभ उठाने के लिए इन साधनों का विकास आवश्यक है। परिवहन के साधन व्यापार तथा उद्योगों की आधारशिला हैं। देश के दूर-दूर स्थित भागों को यातायात साधनों द्वारा मिलाकर एक राष्ट्रीय आर्थिक व्यवस्था का निर्माण होता है।
इस प्रकार यातायात के साधन राष्ट्रीय एकता को बनाए रखने में सहायक होते हैं। विभिन्न प्रदेशों में मानव तथा पदार्थों की गतिशीलता यातायात के साधनों पर निर्भर करती है। जिस प्रकार शरीर में नाड़ियों द्वारा रक्त प्रवाह होता है उसी प्रकार किसी देश में सड़कों, रेल मार्गों, जल मार्गों आदि के द्वारा व्यापारिक वस्तुओं का आदान-प्रदान होता है। इसी कारण यातायात के साधनों को देश की जीवन रेखाएँ कहा जाता है।
प्रश्न 16.
राइन नदी जल मार्ग का उल्लेख कीजिए।
उत्तर:
राइन नदी जल मार्ग राइन नदी जर्मनी और नीदरलैण्ड से होकर प्रवाहित होती है। नीदरलैण्ड में रोटरडम में अपने मुहाने से लेकर स्विट्जरलैण्ड में बेसल तक यह 700 किलोमीटर लम्बाई में नौकायन के योग्य है। सामुद्रिक पोत कोलोन तक पहुँच सकते हैं। रूर नदी पूर्व से आकर राइन नदी में मिलती है। यह नदी एक सम्पन्न कोयला क्षेत्र से होकर प्रवाहित होती है तथा सम्पूर्ण नदी बेसिन विनिर्माण क्षेत्र की दृष्टि से अत्यधिक सम्पन्न है।
इस प्रदेश में इसलडोर्फ राइन नदी पर स्थित पत्तन है। रूर के दक्षिण में फैली पट्टी से होकर भारी वस्तुओं का आवागमन होता है। यह जल मार्ग विश्व का अत्यधिक प्रयोग में लिया जाने वाला जल मार्ग है। प्रतिवर्ष 20,000 से अधिक समुद्री जलयान तथा लगभग 2 लाख आन्तरिक मालवाहक पोत वस्तुओं एवं सामग्रियों का आदान-प्रदान करते हैं। यह जल मार्ग स्विट्जरलैण्ड, जर्मनी, फ्रान्स, बेल्जियम तथा नीदरलैण्ड के औद्योगिक क्षेत्रों को उत्तरी अटलाण्टिक समुद्री मार्ग से जोड़ता है।
प्रश्न 17.
” यातायात और संचार के साधनों के आधुनिक विकास ने संसार को छोटा कर दिया है।” स्पष्ट कीजिए।
उत्तर:
यातायात और संचार साधनों के विकास से मानव ने समय और दूरी पर विजय प्राप्त कर ली है। तीव्र गति वाले परिवहन साधनों द्वारा दूरस्थ स्थानों को कम समय में पहुँचा जा सकता है। पृथ्वी पर दूर-दूर स्थित भू- भाग एक-दूसरे के निकट आ रहे हैं। आधुनिक साधनों विशेष रूप से वायुयानों के कारण परिवहन भूगोल में दूरी के तत्त्व में बहुत अधिक परिवर्तन हुए हैं।
परन्तु जल यातायात के विकास के कारण नवीन क्षेत्रों की खोज की गई, नवीन समुद्री मार्गों का विकास हुआ तथा दूर-दूर के क्षेत्रों में आना-जाना तथा व्यापार सम्भव हो पाया। स्टीम इंजिन, प्रशीतन भण्डार वाले जलयानों के प्रयोग से जल यातायात अधिक सुविधाजनक हो गया। वायुयान के आविष्कार से हजारों मील दूर स्थान बिल्कुल पड़ोस में मालूम देते हैं।
प्रश्न 18.
रेल मार्गों के महत्त्व का उल्लेख कीजिए।
उत्तर:
स्थलीय परिवहन में रेल मार्ग एक महत्वपूर्ण साधन है। आधुनिक समय में किसी देश में आर्थिक, सामाजिक तथा राजनैतिक दृष्टि से रेलों का बड़ा महत्त्व है, यथा-
- रेल मार्ग किसी क्षेत्र के खनिज पदार्थों के विकास में सहायक होते हैं।
- रेल मार्ग औद्योगिक क्षेत्रों में कच्चे माल तथा तैयार माल के वितरण में सहायता करते हैं।
- रेल मार्ग व्यापार को उन्नत बनाते हैं।
- रेल मार्ग राजनैतिक एकता व स्थिरता लाने में योगदान देते हैं।
- रेल मार्ग संकट काल में सहायता कार्यों की दृष्टि से महत्त्वपूर्ण हैं।
- कम जनसंख्या वाले प्रदेशों में रेल मार्ग जनसंख्या वृद्धि का आधार बनते हैं।
- लम्बी-लम्बी दूरियों को जोड़ने में रेल मार्ग महत्त्वपूर्ण भूमिका अदा करते हैं।
प्रश्न 19.
परिवहन को परिभाषित कीजिए तथा उत्तरी अमेरिका के महामार्गों की विशेषताएँ बताइये।
उत्तर:
परिवहन का अर्थ – व्यक्तियों और वस्तुओं का एक स्थान से दूसरे स्थान तक वहन करने की सेवा को परिवहन कहा जाता है जिसमें स्थल, जल तथा वायु परिवहन साधनों का प्रयोग किया जाता है।
उत्तरी अमेरिका के महामार्गों की विशेषताएँ- उत्तरी अमेरिका के महामार्गों की प्रमुख विशेषताएँ निम्नलिखित हैं –
- उत्तरी अमेरिका में महामार्गों का घनत्व उच्च है। यह लगभग 0.65 किलोमीटर प्रति वर्ग किमी. है। प्रत्येक स्थान महामार्गों से 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
- पश्चिमी प्रशान्त महासागरीय तट पर स्थित नगर पूर्व में अटलाण्टिक महासागरीय तट पर स्थित नगरों से भली प्रकार से जुड़े हुए हैं।
- उत्तर-दक्षिण महामार्गों के द्वारा उत्तर में कनाडा के नगर दक्षिण में मैक्सिको के नगरों से जुड़े हैं।
- पार कनाडियन महामार्ग, अलास्का महामार्ग तथा पान अमेरिकन महामार्ग यहाँ के महत्त्वपूर्ण महामार्ग हैं।
प्रश्न 20.
विश्व का व्यस्ततम समुद्री जल मार्ग कौनसा है? इस मार्ग की प्रमुख विशेषताएँ बताइये । उत्तर- उत्तरी अटलाण्टिक समुद्री जल मार्ग विश्व का व्यस्ततम समुद्री मार्ग है जिस पर विश्व का 1/4 व्यापार होता है।
विशेषताएँ – उत्तरी अटलाण्टिक समुद्री जल मार्ग की प्रमुख विशेषताएँ निम्नलिखित हैं-
- यह मार्ग विश्व के दो औद्योगिक प्रदेशों यथा- उत्तर-पूर्वी संयुक्त राज्य अमेरिका और पश्चिमी यूरोप को मिलाता है।
- इसे वृहद् ट्रंक मार्ग कहा जाता है क्योंकि यह एक लम्बा मार्ग है।
- दोनों तटों पर पत्तनों और पोताश्रयों की उन्नत सुविधाएँ हैं। यथा— न्यूयार्क, लन्दन आदि ।
- किसी भी अन्य जलमार्ग की अपेक्षा यह अधिक देशों और लोगों को सेवाएँ प्रदान करता है।
प्रश्न 21.
राष्ट्रीय महामार्ग तथा राज्य महामार्गों में अन्तर स्पष्ट कीजिए।
उत्तर:
राष्ट्रीय महामार्ग तथा राज्य महामार्गों में अन्तर –
राष्ट्रीय महामार्ग | राज्य महामार्ग |
1. राष्ट्रीय महामार्ग देश के विभिन्न राज्यों की राजधानियों को आपस में जोड़ते हैं। | राज्य महामार्ग किसी राज्य के मुख्य नगरों को आपस में जोड़ते हैं। |
2. राष्ट्रीय महामार्गों का रख-रखाव केन्द्रीय सरकार के द्वारा किया जाता है। | राज्य महामार्गों का रख-रखाव राज्य सरकार के द्वारा किया जाता है। |
3. शेरशाह सूरी मार्ग एक राष्ट्रीय महामार्ग है। | अमृतसर-चण्डीगढ़ मार्ग एक राज्य महामार्ग है। |
प्रश्न 22.
परिवहन एवं संचार में अन्तर स्पष्ट कीजिए।
उत्तर:
परिवहन एवं संचार में अन्तर –
परिवहन | संचार |
1. उपयोगी वस्तुओं व यात्रियों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक भेजने के साधनों को परिवहन साधन कहते हैं। | सन्देश तथा विचारों के भेजने के माध्यमों को संचार साधन कहते हैं। |
2. रेलें, सड़कें, जल मार्ग तथा वायु मार्ग परिवहन के प्रमुख साधन हैं। | तार, टेलीफोन, रेडियो आदि संचार के साधन हैं। |
प्रश्न 23.
भूमध्यसागर – हिन्द महासागरीय समुद्री मार्ग कौन-कौन से प्रदेशों को आपस में जोड़ता है? इस मार्ग के प्रमुख पत्तन बताइये ।
उत्तर:
भूमध्यसागर – हिन्द महासागरीय समुद्री मार्ग औद्योगिक पश्चिमी यूरोपीय प्रदेश को पश्चिमी अफ्रीका, दक्षिणी अफ्रीका, दक्षिण-पूर्वी एशिया, आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैण्ड की वाणिज्यिक कृषि तथा पशुपालन आधारित अर्थव्यवस्थाओं को जोड़ता है। इस मार्ग के प्रमुख पत्तन पोर्ट सईद, अदन, मुंबई, कोलंबो और सिंगापुर हैं।
प्रश्न 24.
रेल लाइनों की चौड़ाई के अनुसार रेल लाइनों को वर्गीकृत कीजिए।
उत्तर:
रेल लाइनों की चौड़ाई (गेज) के आधार पर रेल लाइनों के निम्नलिखित चार वर्ग हैं–
वर्ग | चौड़ाई |
(i) बड़ी लाइन | 1.5 मीटर से अधिक |
(ii) मानक लाइन | 1.44 मीटर |
(iii) मीटर लाइन | 1.0 मीटर |
(iv) छोटी लाइन | 1.0 मीटर से कम। |
प्रश्न 25.
सड़क परिवहन मार्गों के विश्व वितरण का संक्षेप में वर्णन कीजिए।
उत्तर:
छोटी दूरियों के लिए सड़क परिवहन अपेक्षाकृत आर्थिक दृष्टि से लाभदायक होता है। यह मार्ग प्रादेशिक, राष्ट्रीय अन्तर्राष्ट्रीय एवं महाद्वीपीय स्तर पर असमान रूप से वितरित है। विकसित देशों की तुलना में विकासशील देशों में सड़कों की गुणवत्ता निम्नस्तरीय पाई जाती है क्योंकि इनके निर्माण एवं रखरखाव पर भारी खर्च आता है। विश्व की कुल मोटर वाहन चलाने योग्य सड़कों की लम्बाई मात्र 150 लाख किलोमीटर है, जिसका 33 प्रतिशत भाग उत्तरी अमेरिका में पाया जाता है। विश्व का सर्वाधिक सड़क घनत्व एवं सबसे अधिक सड़क वाहनों की संख्या इसी महाद्वीप में मिलती है। जबकि अफ्रीका, दक्षिण- पश्चिम एशिया तथा दक्षिणी अमेरिका इस दृष्टि से विश्व के पिछड़े क्षेत्रों में शामिल हैं।
प्रश्न 26.
नगरों की सड़कों पर बढ़ती यातायात संकुलता को समझाइए।
उत्तर:
तेजी से बढ़ती जनसंख्या तथा सड़क वाहनों की संख्या में हो रही अप्रत्याशित वृद्धि से विश्व के अधिकांश नगरों की सड़कों पर यातायात प्रवाह में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। किसी भी नगर का सड़क तंत्र, उसके यातायात की आवश्यकता के अनुसार विकसित नहीं होने पर नगरों का सड़कों पर संकुलन बढ़ जाता है। वर्तमान में विश्व के अधिकांश नगर सड़कों पर मिलने वाली यातायात संकुलता की समस्या का सामना कर रहे हैं।
नगरों में बढ़ती यातायात संकुलता की समस्या को हल करने के लिए निम्नलिखित उपायों पर विचार करना आवश्यक है –
- नगरीय क्षेत्र में उच्चतर पार्किंग शुल्क लगाया जाए।
- सामूहिक शीघ्र संचरण व्यवस्था लागू की जाए।
- सार्वजनिक बस सेवाओं में सुधार कर सड़क यातायात के द्रुतगामी मार्गों का आवश्यकतानुसार निर्माण किया जाए।
प्रश्न 27.
तटीय नौ परिवहन पर संक्षिप्त टिप्पणी लिखिए।
उत्तर:
तटीय नौ परिवहन – यह लम्बी तटरेखा वाले देशों के लिए यातायात का एक सुगम व सस्ता साधन है। यदि तटवर्ती नौ परिवहन का भली-भाँति विकास किया जाए तो इसके द्वारा स्थलमार्गों पर होने वाली यातायात भीड़ को कम किया जा सकता है। विश्व में संयुक्त राज्य अमेरिका, चीन और भारत में तटीय नौ परिवहन का समुचित विकास हुआ है। इसके अलावा यूरोप में शेनगेन देशों की स्थिति तटीय नौ परिवहन की दृष्टि से उपयुक्त है, क्योंकि इन देशों में सम्मिलित एक देश का तट दूसरे देश के तट से मिला हुआ है।
प्रश्न 28.
आंतरिक जल मार्गों के विकास पर एक संक्षिप्त टिप्पणी लिखिए।
उत्तर:
आंतरिक जल मार्ग नदियाँ, नहरें, झीलें तथा तटीय क्षेत्र प्राचीन समय से ही आन्तरिक जलमार्ग के प्रमुख साधन रहे हैं। इन मार्गों का विकास नहरों की नौगम्यता, चौड़ाई और गहराई, जल प्रवाह की निरंतरता तथा उपयोग में लाई जाने वाली परिवहन प्रौद्योगिकी पर निर्भर करता है। वस्तुतः आन्तरिक जल मा उन स्थानों पर परिवहन का प्रमुख साधन है, जहाँ नदी चौड़ी, गहरी तथा गादमुक्त होती है। विश्व के अनेक देशों ने अपनी प्रमुख नदियों के नदी तल को गहरा कर तथा बाँध निर्मित कर जल प्रवाह को नियंत्रित कर नदियों की नौगम्यता में उल्लेखनीय सुधार किए हैं।
प्रश्न 29.
उपग्रह संचार पर एक संक्षिप्त टिप्पणी लिखिए।
उत्तर:
वर्ष 1970 के बाद से संयुक्त राज्य अमेरिका एवं पूर्व सोवियत संघ के द्वारा अन्तरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में किए जा रहे महत्त्वपूर्ण शोध कार्यों में उपग्रह संचार के क्षेत्र में एक नवीन युग का प्रारम्भ हुआ है। पृथ्वी की कक्षा में कृत्रिम उपग्रहों के सफलतापूर्वक प्रेक्षण के कारण ग्लोब के उन दूरस्थ स्थानों को भी जोड़ दिया गया है, जहाँ मानवीय पहुँच असम्भव थी।
उपग्रह संचार तकनीक के द्वारा संचार में लगने वाले मूल्य तथा समय को काफी सीमा तक कम कर दिया गया है। इसका आशय यह है कि 500 किलोमीटर की दूरी तक संचार में लगने वाली लागत, उपग्रह संचार के द्वारा 5000 किलोमीटर की दूरी तक होने वाले संचार की लागत के बराबर है। सेलफोन तथा दूरदर्शन के लिए उपग्रह संचार सेवा का ही उपयोग किया जाता है।
प्रश्न 30.
उपग्रह विकास के क्षेत्र में भारत द्वारा उठाए गए कदमों के विषय में संक्षेप में लिखिए।
उत्तर:
उपग्रह विकास के क्षेत्र में भारत ने भी कई महत्त्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
- भारत ने 19 अप्रैल, 1979 को आर्यभट्ट का तथा 1979 में ही भास्कर – 1 का एवं 1980 में रोहिणी का प्रक्षेपण किया।
- 18 जून 1981 को एप्पल (एरियन पैसेंजर पे लोड एक्सपेरीमेंट) का प्रक्षेपण एरियन रॉकेट के द्वारा किया गया।
- भास्कर, चैलेन्जर तथा इन्सेट-1बी नामक उपग्रहों के प्रक्षेपण ने लम्बी दूरी के संचार, दूरदर्शन तथा रेडियो को अत्यधिकं प्रभावी बना दिया है।
निबन्धात्मक प्रश्न
प्रश्न 1.
पाइप लाइन परिवहन का उपयोग खनिज तेल तथा प्राकृतिक गैस जैसी सामग्रियों के लिए किया जाता है। स्पष्ट कीजिए।
उत्तर:
पाइप लाइन परिवहन जल, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस जैसे तरल एवं गैसीय पदार्थों के अबाधित प्रवाह और परिवहन के लिए पाइप लाइनो का व्यापक रूप से प्रयोग किया जाता है। पाइप लाइनों के द्वारा की जाने वाली जलापूर्ति सर्वविदित है। विश्व के अनेक भागों में रसोई गैस अथवा एल.पी.जी. की आपूर्ति पाइप लाइनों के द्वारा की जाती है। पाइप लाइनों का प्रयोग तरलीकृत कोयले के परिवहन के लिए भी किया जाता है। न्यूजीलैण्ड में फार्मों से फैक्ट्रियों तक दूध को पाइप लाइनों द्वारा भेजा जाता है।
संयुक्त राज्य अमेरिका में पाइप लाइन परिवहन- संयुक्त राज्य अमेरिका में तेल उत्पादक क्षेत्रों और उपभोग क्षेत्रों के बीच तेल पाइप लाइनों का सघन जाल पाया जाता है। ‘बिग इंच’ इसी प्रकार की एक प्रसिद्ध पाईप लाइन है। जो कि मैक्सिको की खाड़ी में स्थित तेल के कुओं से उत्तर-पूर्वी राज्यों में तेल ले जाती है। संयुक्त राज्य अमेरिका में प्रति टन किलोमीटर कुल भार का 17 प्रतिशत भाग पाइप लाइनों द्वारा ले जाया जाता है। यहाँ तरल पदार्थों तथा गैसों यथा-जल, खनिज तेल तथा प्राकृतिक गैस के अबाधित रूप से प्रवाह के लिए पाइप लाइनों का मुख्य रूप से उपयोग किया जाता है।
यूरोप व एशिया में पाइप लाइन परिवहन – यूरोप, रूस, पश्चिम एशिया और भारत में पाइप लाइनों का प्रयोग तेल के कुओं को तेल परिष्करणशालाओं और पत्तनों अथवा घरेलू बाजारों से जोड़ने के लिए किया जाता है। मध्य एशिया में स्थित तुर्कमेनिस्तान से पाइप लाइन को ईरान और चीन के कुछ भागों तक बढ़ा दिया गया है। प्रस्तावित ईरान-भारत वाया पाकिस्तान अन्तर्राष्ट्रीय और प्राकृतिक गैस पाइप लाइन विश्व में सबसे लम्बी पाइप लाइन होगी।
प्रश्न 2.
विश्व के किन्हीं चार पारमहाद्वीपीय रेलमार्गों का वर्णन कीजिए।
अथवा
विश्व के प्रमुख पारमहाद्वीपीय रेल मार्गों का वर्णन कीजिए।
उत्तर:
विश्व के प्रमुख पारमहाद्वीपीय रेल मार्ग विश्व के प्रमुख पारमहाद्वीपीय रेलमार्ग निम्नलिखित हैँ –
(1) पार – साइबेरियन रेल मार्ग यह रूस का प्रमुख रेल मार्ग हैं जो कि पश्चिम में सेंट पीट्सबर्ग से पूर्व में प्रशान्त महासागर तट पर स्थित ब्लाडीवोस्टक तक मास्को, कजान् ट्यूमिन, नोवोसिबिस्कं, चीता और खबरोवस्क से होता हुआ जाता है। यह एशिया का सबसे महत्त्वपूर्ण और विश्व का सबसे लम्बा दोहरे पथ से युक्त विद्युतीकृत पार महाद्वीपीय रेल मार्ग है।
इसकी कुल लम्बाई 9322 किलोमीटर है। यह रेल मार्ग एशियाई प्रदेश को पश्चिमी यूरोपीय बाजारों से जोड़ता है। यह रेल मार्ग यूराल पर्वतों, ओब एवं येनेसी नदियों से गुजरता है। चीता एक महत्त्वपूर्ण कृषि केन्द्र और इस्कुस्टस्क एक फर केन्द्र है। इस रेल मार्ग को दक्षिण से जोड़ने वाले योजक मार्ग भी हैं। इनमें यूक्रेन में ओडेसा, उजबेकिस्तान में कैस्पियन तट पर बालू, ताशकन्द, मंगोलिया में उलनबटोर, मक्देन में रोनयांग तथा चीन में बीजिंग आदि प्रमुख हैं।
(2) पार- कैनेडियन रेल मार्ग – कनाडा देश की यह 7050 किलोमीटर लम्बी रेल लाइन पूर्व में हैलीफैक्स से शुरू होकर मॉण्ट्रियल, ओटावा, विनीपेग तथा कलगैरी से होती हुई पश्चिम में प्रशान्त तट पर स्थित वैंकूवर तक जाती है। इस रेल मार्ग का निर्माण 1886 में मूल रूप से एक सन्धि के अन्तर्गत पश्चिमी तट पर स्थित ब्रिटिश कोलम्बिया को राज्यों के संघ में शामिल करने के उद्देश्य से किया गया था। परन्तु बाद में क्यूबेक मॉण्ट्रियल औद्योगिक प्रदेश की गेहूँ मेखला और उत्तर में शंकुघाटी वन प्रदेश से जोड़ने के कारण इस रेल मार्ग का महत्त्व बढ़ गया।
इस प्रकार इन प्रदेशों में से प्रत्येक दूसरे का सम्पूरक बन गया है। विनीपेग से थण्डर खाड़ी (सुपीरियर झील) तक संवृत मार्ग इस रेल लाइन को विश्व के सबसे अधिक महत्त्वपूर्ण जल मार्गों में से एक से जोड़ता है। गेहूं और मांस इस मार्ग के द्वारा किए जाने वाले महत्त्वपूर्ण निर्यात हैं। यह रेल मार्ग कनाडा देश की आर्थिक धमनी है।
(3) संघ और प्रशान्त रेल मार्ग – यह रेल मार्ग अटलाण्टिक तट पर स्थित न्यूयार्क को क्लीवलैण्ड, शिकागो, ओमाहा, इवांस, ऑग्डन और सैक्रामेण्टो से होता हुआ प्रशान्त तट पर स्थित सैन फ्रांसिस्को से मिलाता है। इस मार्ग द्वारा किए जाने वाले सबसे अधिक मूल्यवान निर्यात अयस्क, अनाज, कागज, रसायन और मशीनरी हैं।
(4) आस्ट्रेलियाई पारमहाद्वीपीय रेल मार्ग – यह रेल मार्ग पश्चिम तट पर पर्थ से आरम्भ होकर कालगुर्ली, ब्रोकन हिल और पोर्ट ऑगस्ता से होकर पूर्वी तट पर स्थित सिडनी को मिलाते हुए महाद्वीप के दक्षिणी भाग के आर-पार पश्चिम से पूर्व की तरफ जाता है। एक अन्य उत्तर – दक्षिण रेल मार्ग एडीलेड और एलिस स्प्रिंग को जोड़ता है तथा आगे इसे डार्विन बिरदुम लाइन से जोड़ा जाता है।
(5) ओरियण्ट एक्सप्रेस – यह रेल मार्ग पेरिस से स्ट्रेसबर्ग, म्यूनिख वियना, बुडापेस्ट और बेलग्रेड होता हुआ इस्ताम्बूल तक जाता है। इस एक्सप्रेस रेल मार्ग द्वारा लन्दन से इस्ताम्बूल तक लगने वाला यात्रा समय समुद्री मार्ग से लगने वाले 10 दिनों की तुलना में मात्र 96 घण्टे रह गया है। इस रेल मार्ग द्वारा होने वाले प्रमुख निर्यात पनीर, सूअर का मांस, नई शराब, फल और मशीनरी हैं।
प्रश्न 3.
समुद्री मार्गों के महत्त्व को स्पष्ट करते हुए विश्व के महत्त्वपूर्ण समुद्री मार्गों का वर्णन कीजिए।
उत्तर:
समुद्री मार्गों का महत्त्व – महासागर सभी दिशाओं में मुड़ सकने वाले इस प्रकार के महामार्ग प्रस्तुत करते हैं जिनकी कोई रख-रखाव लागत नहीं होती है। एक महाद्वीप से दूसरे महाद्वीप तक स्थूल पदार्थों का लम्बी दूरियों तक समुद्री परिवहन स्थल और वायु परिहन की अपेक्षा सस्ता पड़ता है। आधुनिक यात्री जहाज और मालवाहक पोत राडार, बेतार के तार व अन्य नौ परिवहन सम्बन्धी सुविधाओं से लैस होते हैं। शीघ्र नाशवान वस्तुओं के लिए प्रशीतन कोष्ठक, टैंकरों और विशेषीकृत जहाजों ने नौभार के परिवहन को उन्नत बना दिया है।
महत्त्वपूर्ण समुद्री मार्ग –
(1) उत्तरी अटलाण्टिक समुद्री मार्ग- यह समुद्री मार्ग औद्योगिक दृष्टि से विकसित विश्व के दो प्रदेशों यथा— उत्तरी-पूर्वी संयुक्त राज्य अमेरिका और पश्चिमी यूरोप को आपस में मिलाता है। विश्व का एक चौथाई विदेशी व्यापार इस मार्ग के द्वारा परिवहित होता है। इसी कारण यह विश्व का व्यस्ततम व्यापारिक जल मार्ग है। इसलिए इसे वृहद् ट्रंक मार्ग भी कहा जाता है।
(2) भूमध्यसागर – हिन्दमहासागरीय समुद्री मार्ग- यह समुद्री मार्ग प्राचीन विश्व के हृदय स्थल कहे जाने वाले क्षेत्रों से गुजरता है तथा किसी भी अन्य मार्ग की अपेक्षा अधिक देशों और लोगों को सेवाएँ प्रदान करता है। पोर्ट सईद, अदन, मुम्बई, कोलम्बो और सिंगापुर इस मार्ग के महत्त्वपूर्ण पत्तन हैं। उत्तमाशा अन्तरीप से होकर जाने वाले आरम्भिक मार्ग की तुलना में स्वेज नहर के निर्माण से दूरी और समय में अत्यधिक कमी हो गई है।
(3) उत्तमाशा अंतरीप समुद्री मार्ग यह व्यापारिक मार्ग अत्यधिक औद्योगिक पश्चिम यूरोपीय प्रदेश को पश्चिमी अफ्रीका, दक्षिणी अफ्रीका, दक्षिण-पूर्वी एशिया, आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैण्ड की वाणिज्यिक कृषि तथा पशुपालन अर्थव्यवस्थाओं से जोड़ता है। स्वेज नहर के निर्माण के पहले यह मार्ग लिवरपूल और कोलम्बो को जोड़ता था जो कि स्वेज मार्ग से 6400 किलोमीटर लम्बा था। सोने, हीरा, ताँबा, टिन, मूँगफली, गिरी का तेल, कहवा और फलों जैसे समृद्ध प्राकृतिक संसाधनों के कारण दोनों पूर्वी और पश्चिमी अफ्रीका के मध्य व्यापार की मात्रा और यातायात में वृद्धि हो रही है।
(4) दक्षिणी अटलांटिक समुद्री मार्ग- अटलाण्टिक महासागर के पार यह एक महत्त्वपूर्ण समुद्री मार्ग है जो कि पश्चिमी यूरोपीय और पश्चिमी अफ्रीकी देशों को दक्षिणी अमेरिका में ब्राजील, अर्जेण्टाइना तथा उरुग्वे से मिलाता है। इस मार्ग पर यातायात दक्षिणी अमेरिका और अफ्रीका के सीमित विकास और कम जनसंख्या के कारण बहुत कम हैं। केवल दक्षिणी-पूर्वी ब्राजील. प्लाटा ज्वारनद मुख और दक्षिणी अफ्रीका के कुछ भागों में बड़े पैमाने पर औद्योगीकरण हुआ है,
(5) उत्तरी प्रशान्त समुद्री मार्ग- यह समुद्री मार्ग उत्तरी अमेरिका के पश्चिमी तट पर स्थित पत्तनों को एशिया के पत्तनों से जोड़ता है। इनमें प्रमुख बंदरगाह वैंकूवर, सिएटल, पोर्टलैण्ड, सेनफ्रांसिस्को, याकोहामा, कोबे, शंघाई, हांगकांग, मनीला और सिंगापुर हैं।
(6) दक्षिणी प्रशान्त समुद्री मार्ग- यह समुद्री मार्ग पश्चिमी यूरोप और उत्तरी अमेरिका को आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैण्ड और पनामा नहर से होते हुए प्रशान्त महासागर में प्रकीर्णित द्वीपों से मिलता है। इस मार्ग का प्रयोग हांगकांग, फिलीपीन्स और इण्डोनेशिया पहुँचने के लिए किया जाता है। इस सागरीय मार्ग पर पनामा और सिडनी के बीच तय की गई दूरी 12,000 किलोमीटर है। होनोलूलू इस मार्ग का महत्त्वपूर्ण पत्तन है।
प्रश्न 4.
विश्व के प्रमुख आन्तरिक जल मार्गों का वर्णन कीजिए।
उत्तर:
आन्तरिक जल मार्ग – स्थलीय भागों में झीलों, नदियों, नहरों तथा आंतरिक सागरों में होने वाले जल परिवहन को आंतरिक जलमार्ग कहा जाता है।
विश्व के प्रमुख आन्तरिक वाणिज्यिक जलमार्ग निम्न प्रकार से हैं –
(1) राइन जल मार्ग राइन नदी जर्मनी और नीदरलैण्ड से होकर प्रवाहित होती है। नीदरलैण्ड में रोटरडर्म में अपने मुहाने से लेकर स्विट्जरलैण्ड में बेसल तक यह 700 किलोमीटर की लम्बाई में नौकायन योग्य है। इसमें सामुद्रिक जहाज कोलोन तक पहुँच सकते हैं। रूर नदी पूर्व से आकर राइन नदी में मिलती है। यह नदी एक सम्पन्न कोयला क्षेत्र होकर प्रवाहित होती है तथा सम्पूर्ण नदी बेसिन विनिर्माण की दृष्टि से अत्यधिक सम्पन्न है। इस प्रदेश में डसलडोर्फ राइन नदी पर स्थित पत्तन है।
रूर के दक्षिण में फैली पट्टी से होकर भारी वस्तुओं का आवागमन होता है। यह जल मार्ग विश्व में अत्यधिक प्रयोग में लाया जाने वाला जल मार्ग है। प्रतिवर्ष 20,000 से अधिक समुद्री जलयान तथा लगभग 2 लाख आन्तरिक मालवाहक पोत वस्तुओं एवं सामग्रियों का आदान-प्रदान करते हैं। यह जल मार्ग स्विट्जरलैण्ड, जर्मनी, फ्रान्स, बेल्जियम तथा नीदरलैण्ड के औद्योगिक क्षेत्रों को उत्तरी अटलाण्टिक समुद्री मार्ग से जोड़ता है।
(2) डेन्यूब जल मार्ग यह महत्त्वपूर्ण आन्तरिक जल मार्ग पूर्वी यूरोपीय भाग को अपनी सेवाएँ प्रदान करता है। डेन्यूब नदी ब्लैक फॉरेस्ट से निकल कर अनेक देशों से होती हुई पूर्व की तरफ प्रवाहित होती है। यह टारना से विरिन तक नौकायन योग्य है। इस जल मार्ग से निर्यात किए जाने वाले पदार्थ गेहूँ, मक्का, इमारती लकड़ी तथा मशीनरी हैं।
(3) वोल्गा जल मार्ग – रूस में अत्यधिक संख्या में विकसित जल मार्ग पाए जाते हैं जिनमें से वोल्गा सबसे महत्त्वपूर्ण नदी जल मार्ग है। यह 11,200 किलोमीटर तक नौकायन की सुविधा प्रदान करता है तथा कैस्पियन सागर में मिल जाता है। वोल्गा मास्को नहर इसको मास्को प्रदेश से तथा वोल्गा – डोन नहर कालासागर से जोड़ती है।
(4) वृहद् झीलें सेण्ट लारेन्स समुद्री मार्ग – उत्तरी अमेरिका की वृहद झीलें सुपीरियर, हयूरन, इरी तथा ओण्टारियो, परस्पर सू नहर तथा वलैण्ड नहर के द्वारा आपस में जुड़े हुए हैं तथा सेण्ट लॉरेन्स नदी की एश्चुअरी वृहद् झीलों के साथ उत्तरी अमेरिका के उत्तरी भाग में विशिष्ट वाणिज्यिक जल मार्ग का निर्माण करती है। इस | मार्ग पर स्थित मुख्य पत्तन डुलुथ और बुफालो सभी आधुनिक पत्तन की सुविधाओं से युक्त हैं। इस प्रकार विशाल सामुद्रिक जलयान महाद्वीप के आन्तरिक भाग में मॉण्ट्रियल तक नौकायन करते हैं
(5) मिसीसिपी जल मार्ग – मिसीसिपी – ओहियो जल मार्ग संयुक्त राज्य अमेरिका के आन्तरिक भागों को दक्षिण में मैक्सिको की खाड़ी के साथ जोड़ता है। लम्बे स्टीमर इस मार्ग के द्वारा मिनियापोलिस तक जा सकते हैं।
प्रश्न 5.
स्वेज नहर तथा पनामा नहर मार्गों के आर्थिक महत्त्व की तुलनात्मक व्याख्या कीजिए।
अथवा
स्वेज एवं पनामा नहर की तुलना कीजिए।
अथवा
स्वेज नहर एवं पनामा नहर की तुलना निम्न बिन्दुओं के आधार पर कीजिए:
(i) स्थिति
(ii) जलबंधक
(iii) प्रभावित होने वाले देश
(iv) लम्बाई एवं गहराई।
उत्तर:
स्वेज नहर तथा पनामा नहर की तुलना
स्वेज नहर | पनामा नहर |
1. स्थिति-स्वेज नहर मिस्त देश में स्थित है। | पनामा नहर पनामा नगर में स्थित है। |
2. उद्देश्य-स्वेज नहर का निर्माण 1869 में मिस्त्र में उत्तर में पोर्ट सईद एवं दक्षिण में स्थित पोर्ट स्वेज के मध्य भूमध्यसागर एवं लालसागर को जोड़ने के लिए किया गया। | पनामा नहर पूर्व में अटलाण्टिक महासागर को पश्चिम प्रशान्त महासागर से जोड़ती है। इसका निर्माण पनामा जलडमरूमध्य के आर-पार पनामा नगर एवं कोलोन बीच संयुक्त राज्य अमेरिका के द्वारा किया गया। इस नहर पर संयुक्त राज्य अमेरिका का अधिकार है। |
3. अधिकार-इस नहर पर मिस्न देश का अधिकार है। | इस नहर के आस-पास कम उन्नत देश हैं। |
4. देश-इस नहर के आस-पास उन्नत देश स्थित हैं। | इस नहर में दोनों तरफ यातायात होता है। |
5. यातायात-इस नहर में एकतरफा यातायात होता है। | पनामा नहर में कुल छः जलबंधक तंत्र हैं। |
6. जलबंधक-स्वेज नहर में कोई जलबंधक (Locks) नहीं हैं। | पनामा नहर से सबसे अधिक प्रभावित देश संयुक्त राज अमेरिका तथा पनामा है। |
7. प्रभावित होने वाले देश-स्वेज नहर से यूरोप तथा दक्षिणी एशिया के देशों को अत्यधिक लाभ मिला है। इनमें इंग्लैण्ड, फ्रांस, मिस्र, इजरायल, भारत, श्रीलंका, म्यांमार आदि मुख्य हैं। | इनके अलावा पश्चिमी यूरोप तथा पूर्वी एवं दक्षिणी-पूर्वी एशिया के देश भी प्रभावि हए हैं। |
8. लम्बाई एवं गहराई-इस नहर की लम्बाई 160 किलोमीटर है जो कि 11 से 15 मीटर गहरी है। | इस नहर की लम्बाई 72 किलोमीटर है जो कि लगभग 12 किलोमीटर लम्बी अत्यधिक गहरी कटान से युक्त है। |
9. द्वार-इस नहर में कोई द्वार प्रणाली नहीं है। | इस नहर में जहाज द्वार प्रणाली के द्वारा ही आ-जा सकते हैं। |
10. धरातल-इस नहर का धरातल समतल है। | इस नहर का धरातल पहाड़ी है। |
11. कर-इस नहर से गुजरने वाले जहाजों को भारी कर चुकाने पड़ते हैं। | इस नहर से गुजरने वाले जहाजों पर कम कर लगते हैं। |
12. यातायात भार-इस नहर मार्ग पर अधिक यातायात भार है। | इस नहर मार्ग पर यातायात भार कम है। |
13. कोयला-इस नहर मार्ग पर कोयला संसाधन प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है। | इस नहर मार्ग पर कोयला संसाधन कम है। |
14. बन्दरगाह-इस मार्ग पर अधिक बन्दरगाह हैं। | इस मार्ग पर कम बन्दरगाह हैं। |
15. उपयोग-इस नहर मार्ग का अधिकतर उपयोग इंग्लैण्ड के द्वारा किया जाता है। | इस नहर मार्ग का उपयोग अमेरिका के द्वारा किया जाता है। |
प्रश्न 6.
स्वेज नहर और पनामा नहर की व्याख्या निम्नांकित बिन्दुओं के आधार पर कीजिए-
1. स्थिति
2. आन्तरिक जल मार्ग के रूप में महत्त्व
उत्तर:
1. स्थिति – स्वेज नहर मिस्र में उत्तर में पोर्टसईद एवं दक्षिण में स्थित पोर्ट स्वेज ( स्वेज पत्तन) के मध्य भूमध्य सागर एवं लाल सागर को जोड़ती है, जबकि पनामा नहर पनामा जलडमरूमध्य के आर-पार पनामा नगर एवं कोलोन के बीच अटलांटिक महासागर को पश्चिमी प्रशांत महासागर से जोड़ती है।
2. आन्तरिक जल मार्ग के रूप में महत्त्व – स्वेज नहर यूरोप को हिन्द महासागर में एक नवीन प्रवेश मार्ग प्रदान करती है तथा लिवरपूल एवं कोलम्बो के बीच प्रत्यक्ष समुद्री मार्ग की दूरी को उत्तमाशा अंतरीप मार्ग की तुलना में घटाती है। यह जलबंधकों से रहित समुद्र सतह के बराबर नहर है। इसमें प्रतिदिन लगभग 100 जलयान आवागमन करते हैं एवं उन्हें इस नहर को पार करने में 10-12 घंटे का समय लगता है। एक रेलमार्ग इस नहर के सहारे स्वेज तक जाता है और फिर इस्माइलिया से एक शाखा कैरो को जाती है।
इसके विपरीत पनामा नहर लगभग 72 किलोमीटर लम्बी एवं 12 किलोमीटर लम्बी अत्यधिक गहरी कटान से युक्त है। इस नहर में कुल छः जलबंधक तंत्र हैं तथा जलयान पनामा की खाड़ी में प्रवेश करने से पहले इन जलबंधकों से होकर विभिन्न ऊँचाई की समुद्री सतह (26 मीटर ऊपर एवं नीचे) को पार करते हैं। इस नहर के द्वारा समुद्री मार्ग से न्यूयार्क एवं सैनफ्रांसिस्को के मध्य लगभग 13,000 किलोमीटर की दूरी कम हो गई है। इसी प्रकार पश्चिमी यूरोप और संयुक्त राज्य अमेरिका और पूर्वी तथा दक्षिण – पूर्वी एशिया के मध्य की दूरी भी कम हो गई है। यद्यपि पनामा नहर का आर्थिक महत्त्व स्वेज नहर की तुलना में कम है, फिर भी दक्षिणी अमेरिका की अर्थव्यवस्था में इसकी महत्त्वपूर्ण भूमिका है।
प्रश्न 7.
विश्व के प्रमुख देशों में पाए जाने वाले रेल तंत्र का वर्णन कीजिए।
उत्तर:
विश्व में महाद्वीपीय स्तर पर रेल तंत्र रेलमार्ग लम्बी दूरी तक स्थूल वस्तुओं और यात्रियों के स्थल परिवहन का साधन है। विश्व में रेलमार्गों की कुल लम्बाई लगभग 13 लाख किलोमीटर है। दैनिक आवागमन की रेलें ब्रिटेन, संयुक्त राज्य अमेरिका, जापान और भारत में अत्यधिक लोकप्रिय हैं।
(1) यूरोप – इस महाद्वीप में विश्व का सबसे सघनतम रेल तंत्र पाया जाता है। यहाँ रेलमार्गों की कुल लम्बाई लगभग 4 लाख 40 हजार किलोमीटर तक है, जिनमें से अधिकांश दोहरे अथवा बहुमार्गी हैं। लंदन, पेरिस, ब्रुसेल्स, मिलान, बर्लिन और वारसा यूरोप के महत्त्वपूर्ण रेल केन्द्र हैं। इंग्लैण्ड में स्थित यूरो टनल ग्रुप द्वारा प्रचालित सुरंग मार्ग लंदन को पेरिस से जोड़ता है।
यूराल के पश्चिम में अत्यन्त सघन जाल से युक्त यूरोपियन रूस में रेलमार्गों के द्वारा देश के कुल परिवहन का लगभग 90% भाग परिवहन करता है। यहाँ मास्को महत्त्वपूर्ण रेल मुख्यालय है।
(2) उत्तरी अमेरिका – इस महाद्वीप में सर्वाधिक विस्तृत रेलमार्ग तंत्र है, जो विश्व के कुल रेलमार्गों का लगभग 40% है। यहाँ सर्वाधिक संघन रेलतंत्र पूर्वी मध्य संयुक्त राज्य अमेरिका तथा उससे संलग्न कनाडा के उच्च औद्योगिक एवं नगरीय प्रदेश में पाया जाता है। कनाडा में रेलमार्ग सार्वजनिक सेक्टर में है और पूरे विरल जनसंख्या वाले क्षेत्रों में वितरित है।
(3) आस्ट्रेलिया एवं न्यूजीलैण्ड – आस्ट्रेलिया में लगभग 40,000 किलोमीटर लम्बे रेलमार्ग हैं, जिसका 25% अकेले न्यू साउथ वेल्स में पाया जाता है। पश्चिमी- पूर्वी आस्ट्रेलिया राष्ट्रीय रेलमार्ग पर्थ से सिडनी तक एक छोर से दूसरे छोर तक जाता है। न्यूजीलैण्ड में रेलमार्ग मुख्यतः उत्तरी द्वीप में पाए जाते हैं, जो कृषि क्षेत्रों को अपनी सेवाएँ प्रदान करते हैं।
(4) दक्षिणी अमेरिका – यहाँ रेलमार्ग मुख्यतः दो प्रदेशों में सघन हैं –
- अर्जेंटाइना के पंपास
- ब्राजील के कॉफी उत्पादक प्रदेश।
इन दोनों प्रदेशों में दक्षिणी अमेरिका के कुल रेलमार्गों का लगभग 40% भाग पाया जाता है। इनके अतिरिक्त केवल चिली में महत्त्वपूर्ण लम्बाई के रेलमार्ग हैं, जो तटीय केन्द्रों को आन्तरिक क्षेत्रों में स्थित खनन स्थलों से जोड़ते हैं। यहाँ केवल एक महाद्वीपीय पारीय रेलमार्ग है, जो एंडीज पर्वतों के पार 3,900 मीटर की ऊँचाई पर स्थित उसप्लाटा दर्रे से गुजरता हुआ ब्यूनस आयर्स (अर्जेंटीना) को वालपैराजो (चिली) से जोड़ता है।
(5) एशिया – यहाँ जापान, चीन और भारत के सघन बसे हुए क्षेत्रों में रेलमार्गों का सघनतम घनत्व पाया जाता है। अन्य देशों में अपेक्षाकृत कम रेलमार्ग बने हैं। विस्तृत मरुस्थलों और विरल जनसंख्या के प्रदेशों के कारण रेल सुविधाओं का न्यूनतम विकास हुआ है।
(6) अफ्रीका – इस महाद्वीप में केवल 40,000 किलोमीटर लम्बे रेलमार्ग हैं, जिनमें से सोने, हीरे के सान्द्रण और तांबा – खनन क्रियाकलापों के कारण अकेले दक्षिण अफ्रीका में 18,000 किलोमीटर लम्बे रेल मार्ग हैं।
इस महाद्वीप के प्रमुख रेलमार्ग निम्न हैं –
- बेंगुएला रेलमार्ग अंगोला से कटंगा – जाम्बिया ताम्र पेटी तक।
- तंजानिया रेलमार्ग- जाम्बिया ताम्र पेटी से दार- ए सलाम (तंजानिया) तक।
- बोत्सवाना – जिम्बाब्वे से दक्षिणी अफ्रीकी रेल तंत्र तक।
- केपटाउन से प्रोटिरिया तक ब्लू ट्रेन (दक्षिणी अफ्रीका गणतंत्र में)।